Chandil Road Accident : चांडिल में अज्ञात वाहन ने 65 वर्षीय महिला को रौंदा, मौके पर हुई मौत
चांडिल, 1 जून : चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के पाटा डाउन के समीप शनिवार रात लगभग 10 बजे एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से लगभग 65 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना चांडिल निवासी निखिल महतो ने पुलिस को दी। निखिल महतो ने बताया कि वे किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जमशेदपुर जा रहे थे, तभी उन्होंने पाटा डाउन के समीप एनएच 33 पर महिला का मृत शरीर देखा।
मानवता का परिचय देते हुए, निखिल महतो ने तुरंत टोल प्लाजा की एंबुलेंस बुलाकर महिला को प्राथमिक उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल चांडिल पहुंचाया और साथ ही चांडिल थाना को सूचित किया। थाना प्रभारी बरुण यादव ने बताया कि मृतक महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। फिलहाल, पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है और महिला के शव को रविवार को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है। घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में गहरा दुख और आक्रोश है।