राष्ट्रपति की चिंता,ममता की धमकी और बंगाल में लाठीचार्ज

✍️मनोज कुमार अग्रवाल
 महान संत रामकृष्ण परमहंस और युवाओं के प्रणेता स्वामी विवेकानंद के प. बंगाल में जो कुछ हो रहा है वह न सिर्फ शर्मनाक है वरन कानून व्यवस्था की नाकामी और अराजकता का नंगा नाच भी है। किसी भी राज्य व्यवस्था में नागरिकों को शान्ति पूर्ण विरोध व्यक्त करने का संवैधानिक अधिकार होता है ।एक युवा महिला ट्रेनी डॉक्टर के रेप-मर्डर केस के हत्यारों को फांसी और राज्य की मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सचिवालय भवन पर प्रदर्शन करने निकले छात्रों पर सियासत की लाठी चली।टियर गैस छोड़ी गई और वाटरकैनन से सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को चोटिल कर अनेक प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे एक नेता प्रियंगु पांडे पर बम फेंका गया और छह राउंड गोली चलाई गई। इससे प.बंगाल की कानून व्यवस्था का अंदाजा लगा भली भांति लगाया जा सकता है। 
 कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के रेप-मर्डर केस में छात्र संगठनों के प्रोटेस्ट मार्च के बाद भाजपा ने 28 अगस्त को 12 घंटे के बंगाल बंद का आव्हान किया था। बंद के दौरान कई जिलों में पुलिस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हुई। कई नेताओं-वर्कर्स को हिरासत में लिया गया ।
नॉर्थ 24 परगना जिले के भाटपारा में भाजपा नेता प्रियंगु पांडे की कार पर फायरिंग हुई। प्रियंगु ने बताया कि लगभग 50-60 लोगों ने हमला किया। गाड़ी पर फायरिंग की और बम फेंके गए। ड्राइवर समेत दो लोगों को गोली लगी है। एक गंभीर है।
नादिया और मंगलबाड़ी चौरंगी में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। टीएमसी समर्थकों ने भाजपाइयों पर लाठी-डंडे से हमला किया। बनगांव और बारासात दक्षिण में ट्रेनें रोकी गईं। भाजपा 27 अगस्त को कोलकाता में छात्र प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और उन्हें हिरासत में लेने का विरोध कर रही थी। भाजपा के बंद के दौरान डाॅक्टर भी कोलकाता में सड़कों पर उतरे। वेस्ट बंगाल जूनियर डॉक्टर्स फ्रंट के बैनर तले डॉक्टर्स ने श्यामबाजार से धरमतल्ला तक मार्च निकाला।कलकत्ता हाईकोर्ट ने भाजपा के बंगाल बंद को चुनौती देने वाली जनहित याचिका खारिज कर दी। दूसरी तरफ,पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा है कि हम सात दिन का धरना शुरू करेंगे। कलकत्ता हाईकोर्ट ने हमें इसकी अनुमति दी है।
बंगाल भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस को लेटर लिखा है। इसमें 27 अगस्त को हुए प्रदर्शन में पुलिस की ज्यादा सख्ती की बात कही है। चिट्ठी में लिखा कि नबन्ना प्रोटेस्ट के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को लोकतंत्र के मूल्यों के हिसाब से कतई नहीं कहा जा सकता। 
उधर ममता बनर्जी के तेवर बहुत गरम रहे उन्होंने कोलकाता की एक रैली में कहा था कि कुछ लोगों को लगता है कि यह बांग्लादेश है। मुझे बांग्लादेश से प्यार है। वे हमारी तरह बात करते हैं और हमारी संस्कृति भी एक जैसी है, लेकिन याद रखिए कि बांग्लादेश अलग देश है और भारत अलग देश है।मोदी बाबू कोलकाता के रेप-मर्डर केस में अपनी पार्टी का इस्तेमाल करके बंगाल में आग लगवा रहे हैं। अगर आपने बंगाल को जलाया तो असम, नॉर्थ-ईस्ट, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और दिल्ली भी जलेंगे। हम आपकी कुर्सी गिरा देंगे।
बंगाल बंद पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सीबीआई को रेप-मर्डर केस की जांच सौंपे 16 दिन बीत गए हैं। कहां है न्याय ? उन्होंने कहा कि भाजपा बंगाल को बदनाम कर रही है। भाजपा ने कभी भी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और मणिपुर के मुख्यमंत्रियों के इस्तीफे की मांग नहीं की।
बुधवार को बीजेपी के बंद का असर सड़कों पर नजर आया। जरूरी सेवाओं को छोड़कर सभी दूसरी सर्विसेस बंद रही। ट्रेनों को रोकने के लिए बीजेपी वर्कर्स ट्रैक पर आ गए। दुकानें बंद करा दी गईं। सड़कों पर प्रदर्शन शुरू हो गए।
हुगली, कटवा, सियालदह दक्षिण शाखा, मुर्शिदाबाद और कृष्णानगर में ट्रेन सेवाएं बाधित हो गई । विभिन्न लाइनों पर लोकल ट्रेनों को रोक दिया गया। भाजपा समर्थकों ने हुगली स्टेशन पर रेल जाम कर दिया और पटरियों पर लेट गए। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बंदेल-हावड़ा लोकल ट्रेनों को बाधित किया। बैरकपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने ट्रेनें रोकीं। भाजपा नेता कौस्तब बागची रेलवे पटरियों पर पैदल चले। इस बीच, तृणमूल कांग्रेस सड़क पर प्रदर्शनों के साथ बंद का विरोध कर रही थी और उनके कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर उत्तर 24 परगना में भाजपा समर्थकों को खदेड़ दिया।
 पुलिस ने बताया है कि राज्यभर में 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर पुलिस पर पथराव किया और कांच की बोतलें फेंकी, जहां उन्हें (प्रदर्शनकारियों को) आगे बढ़ने से रोका गया। पुलिस ने बताया कि झड़पों में कोलकाता पुलिस के 15 और राज्य पुलिस बल के 14 जवान घायल हुए हैं। पुलिस ने उग्र भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बड़े पैमाने पर लाठीचार्ज किया, पानी की बौछारें कीं और आंसू गैस के गोले दागे।
कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना से पूरे देश में गुस्सा और नाराजगी का माहौल है। 
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी प्रतिक्रिया दी है।राष्ट्रपति मुर्मू ने बुधवार को कहा,कि"मैं स्तब्ध और व्यथित हूं।कोई भी सभ्य समाज बेटियों और बहनों पर इस तरह के अत्याचारों की अनुमति नहीं दे सकता।" राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "जब छात्र, डॉक्टर और नागरिक कोलकाता में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।उस समय भी अपराधी दूसरी जगह शिकार की तलाश में घात लगाए हुए हैं। अब ये बहुत हो गया।"
 राष्ट्रपति मुर्मू ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर एक न्यूज एजेंसी से कहा, "समाज को ईमानदारी, निष्पक्षता के साथ आत्म-विश्लेषण करने की जरूरत है।लोगों को खुद से कुछ कठिन सवाल पूछने होंगे।अक्सर घृणित मानसिकता वाले लोग महिलाओं को अपने से कम समझते हैं। वे महिलाओं को कम शक्तिशाली, कम सक्षम, कम बुद्धिमान के रूप में देखते हैं।"
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा- "अब समय आ गया है कि भारत अपने इतिहास का पूरी तरह से सामना करे। हमें जरूरत है कि इस विकृति का सब मिलकर सामना करें, ताकि इसे शुरुआत में ही खत्म कर दिया जाए।" राष्ट्रपति ने कहा, आइए, हम शुरुआत में ही इस पर रोक लगाने के लिए इस विकृति से व्यापक तरीके से निपटें। 
बहरहाल पश्चिमी बंगाल सरकार द्वारा लोगों के शांतिपूर्ण विरोध के लोकतांत्रिक अधिकार पर पुलिस की लाठी,आंसू गैस,पानी की बौछार करना वहीं दूसरी ओर अराजक तत्वों द्वारा खुलेआम फायरिंग करना और बम फेंकना किसी भी नजरिए से उचित नहीं है।राजनीति में हिंसा का कोई स्थान नहीं है यह एक पतन होती राज्य व्यवस्था का संदेश है। (विनायक फीचर्स)
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url

 --ADVERTISEMENT--

RECOMMENDATION VIDEO 🠟

 --ADVERTISEMENT--

 --ADVERTISEMENT--