पश्चिमी सिंहभूम से जारी भाजपा की प्रेस विज्ञप्ति में कांग्रेस और महागठबंधन सरकार पर गंभीर आरोप
BJP vs Mahagathbandhan 2025 (प्रकाश कुमार गुप्ता) : कांग्रेस द्वारा झारखंड में आयोजित की जा रही “संविधान बचाओ” रैली को भारतीय जनता पार्टी ने “राजनीतिक पाखंड” करार दिया है। पश्चिमी सिंहभूम से जारी भाजपा की प्रेस विज्ञप्ति में जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा ने कहा कि कांग्रेस की यह रैली जनता को भ्रमित करने का प्रयास है। यह वही पार्टी है, जिसने सत्ता में आते ही संविधान की मूल भावना और आदिवासियों के अधिकारों पर सुनियोजित हमला किया है।
भाजपा ने प्रेस विज्ञप्ति में तीखे शब्दों में पूछा “लबों पे संविधान, सीने में साज़िशें ये कैसी रैली, ये किसकी बातें?” उन्होंने कहा कि कांग्रेस और महागठबंधन सरकार संविधान के नाम पर छलावा कर रही हैं, जबकि ज़मीनी हकीकत कुछ और ही है।
भाजपा ने गिनाए झारखंड में संविधान के उल्लंघन के उदाहरण:
आदिवासी अस्मिता पर हमला:
भाजपा का आरोप है कि राज्य सरकार धर्मांतरण को मौन सहमति दे रही है, जिससे आदिवासी संस्कृति और पहचान को मिटाने की साजिश चल रही है।
बेरोजगारी और पलायन:
प्रदेश में नौकरियों का भारी संकट है। युवाओं को न तो सरकारी नौकरी मिल रही है और न ही निजी क्षेत्र में रोजगार, जिससे पलायन बढ़ा है।
भ्रष्टाचार का बोलबाला:
भाजपा ने कहा कि CGL परीक्षा, ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर ठेकों तक, हर जगह भ्रष्टाचार व्याप्त है। जनता की गाढ़ी कमाई लूटी जा रही है।
अवैध घुसपैठ और सुरक्षा संकट:
सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध घुसपैठ से जनसंख्या संतुलन बिगड़ रहा है और स्थानीय लोगों की सुरक्षा खतरे में है।
विस्थापितों से विश्वासघात:
ईचा-खरकाई डैम परियोजना के वादों को सरकार ने तोड़ दिया है और विस्थापितों की आवाज़ को दबाया जा रहा है।
रोजगार योजनाओं की उपेक्षा:
बंद खदानें और निष्क्रिय पड़ी केंद्र सरकार की योजनाएं राज्य के हजारों युवाओं के रोजगार के अधिकार को छीन रही हैं।
संस्कृति पर प्रहार:
पर्यटन के नाम पर स्थानीय संस्कृति को क्षति पहुँचाई जा रही है और ग्राम्य जीवन को दरकिनार किया जा रहा है।
नशे को बढ़ावा:
भाजपा ने आरोप लगाया कि पांचवीं अनुसूची का उल्लंघन कर ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेआम शराब की बिक्री हो रही है, जिससे आदिवासी युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं।
धार्मिक स्थलों पर हमले:
सरना स्थलों और मरांग बुरु जैसे धार्मिक स्थलों पर हो रहे हमलों पर सरकार की चुप्पी को भाजपा ने षड्यंत्र बताया।
स्थानीय नीति का क्रियान्वयन नहीं:
स्थानीय युवाओं के लिए बनाए गए नियोजन नीति को लागू नहीं किया गया है, जिससे भविष्य अंधकारमय बना हुआ है।
भाजपा ने कहा संविधान की रक्षा अब जनता करेगी
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि झारखंड की जनता अब कांग्रेस और उसकी सहयोगी सरकार के पाखंड को समझ चुकी है। जिन्होंने सत्ता में रहकर संविधान को रौंदा, वे आज उसकी रक्षा की बात कर रहे हैं – यह विडंबना नहीं, जनता के साथ धोखा है।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि संविधान की रक्षा अब सत्ता नहीं, बल्कि जनता के वोट से होगी। पार्टी ने विश्वास जताया कि झारखंड की जनता उन्हें माफ़ नहीं करेगी, जिन्होंने उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन किया।