Chaibasa Child Rights Awareness (प्रकाश कुमार गुप्ता) : आज झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा द्वारा उत्क्रमित मध्य विद्यालय तुईबीर में 90 डेज स्कीम के तहत विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पीएलवी हेमराज निषाद और पीएलवी जया रवि ने बच्चों को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियों से अवगत कराया।
शिविर में बच्चों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम, गुड टच और बेड टच, बाल विवाह, बाल श्रम, और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि 6 से 14 वर्ष के बच्चों को शिक्षा देना अनिवार्य है और इसे निशुल्क दिया जाना चाहिए। इसके अलावा, बाल विवाह और बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता फैलाई गई, और बच्चों को पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, और अन्य आपातकालीन सेवाओं के बारे में बताया गया। इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बच्चों को विधिक जागरूकता हेतु हैंडबील भी वितरित किए गए।