Chaibasa के गर्व ग्रैंड मास्टर सईद आलम को मिलेगा ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ – वाराणसी में राष्ट्रीय खेल दिवस पर होगा सम्मान समारोह
Chaibasa (प्रकाश कुमार गुप्ता): Chaibasa के सुप्रसिद्ध मार्शल आर्ट्स प्रशिक्षक और आत्मरक्षा विशेषज्ञ ग्रैंड मास्टर सईद आलम को उनके अतुलनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह गौरवपूर्ण सम्मान उन्हें 29 अगस्त 2025 को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर वाराणसी के सनबीम स्कूल में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रदान किया जाएगा।
मार्शल आर्ट्स के क्षेत्र में चार दशकों से अधिक का अनुभव रखने वाले ग्रैंड मास्टर आलम ने देशभर में हजारों युवाओं और बच्चों को आत्मरक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रशिक्षण दिया है। उनके प्रशिक्षण ने न सिर्फ लोगों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाया, बल्कि मानसिक और सामाजिक रूप से भी सशक्त किया है।
उनके नाम 16 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार दर्ज हैं, जो उनके कौशल और समर्पण का प्रतीक हैं। उनके सिखाए गए कई छात्र आज विभिन्न क्षेत्रों में आत्मनिर्भर, अनुशासित और जागरूक नागरिक बनकर समाज में योगदान दे रहे हैं।
यह समारोह महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के दिन आयोजित किया जाएगा, जिसे राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में पूरे देश में मनाया जाता है। कार्यक्रम में देशभर से अनेक स्कूलों के विद्यार्थी, शिक्षकगण, खेलप्रेमी और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।
इस विशेष अवसर पर थाई बॉक्सिंग इंडिया फेडरेशन के संस्थापक पी. वाय. अतर, टेक्निकल चेयरमैन संतोष खैरनार और जनरल सेक्रेटरी सैय्यद इमरान हुसैन भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
इस सम्मान की घोषणा से चाईबासा सहित पूरे झारखंड में हर्ष की लहर दौड़ गई है। खेल जगत से जुड़े लोगों ने इसे राज्य और क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया है।