सोशल मीडिया की भ्रामक खबरों पर न करें विश्वास, अफवाह फैलाने और मारपीट करने पर होगी कानूनी कार्रवाई: संतन तिवारी
Child Kidnapping Rumor – सरायकेला-खरसावां जिले में सोशल मीडिया पर बच्चों की चोरी, गुमशुदगी और अपहरण से जुड़ी अफवाहों के तेजी से फैलने के बीच पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी सूचना पर बिना सत्यता की जांच किए विश्वास न करें। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चा चोरी से संबंधित कई तरह की खबरें और संदेश तेजी से प्रसारित किए जा रहे हैं जिससे लोगों के बीच भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
पुलिस जांच में ऐसे अधिकांश मामलों को अफवाह पाया गया है। थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाना कानूनन अपराध है। वहीं इन अफवाहों के आधार पर किसी व्यक्ति के साथ मारपीट, प्रताड़ना या भीड़ द्वारा हिंसा करना भी गंभीर दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि इस तरह की कोई संदिग्ध सूचना या घटना सामने आती है तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें या आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क करें। साथ ही नीमडीह थाना के हेल्पलाइन नंबर 9431706545 पर भी सूचना दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अफवाहों से बचना और सही जानकारी साझा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अफवाह फ़ैलाने व मारपीट करने वालों पर सख्त कार्रवाई किया जाएगा।



