Ranchi में आयोजित हुआ पांच दिवसीय केज सिस्टम मत्स्य पालन प्रशिक्षण, Chaibasa के मत्स्य कृषकों ने लिया भाग
(प्रकाश कुमार गुप्ता) Chaibasa , Ranchi : अनुसूचित जनजाति वर्ग के मत्स्य कृषकों को केज सिस्टम से मत्स्य पालन की उन्नत तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से रांची स्थित मत्स्य किसान प्रशिक्षण केंद्र में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण केंद्र के प्रशासनिक भवन में सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वैज्ञानिक विधियों से मछलियों को चारा देने का समय, उसकी मात्रा और पालन संबंधी महत्वपूर्ण तकनीकों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि केज सिस्टम मत्स्य पालन में उत्पादन कैसे बढ़ाया जा सकता है तथा जलाशयों के माध्यम से मछली पालन को अधिक लाभकारी कैसे बनाया जा सकता है।
इस प्रशिक्षण में चाईबासा सदर प्रखंड के कमारहातु स्थित खदान जलाशय में केज सिस्टम मत्स्य पालन कर रहे मत्स्य कृषक सोमय देवगम, दीनबंधु देवगम, सिंगराय देवगम, नारायण देवगम और भीम सिंह देवगम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के आयोजकों ने इसे मत्स्य पालन को स्वरोजगार के रूप में बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम बताया।
इस अवसर पर प्रशिक्षकों ने यह भी बताया कि केज सिस्टम से मत्स्य पालन न केवल जलाशयों के उपयोग को बढ़ाता है, बल्कि ग्रामीण युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मत्स्य विभाग के अधिकारियों, वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों की उपस्थिति रही, जिन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए और उन्हें व्यावसायिक दृष्टिकोण से तैयार होने का मार्गदर्शन दिया।