Harinam Sankirtan Sangram : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत सानग्राम गांव में धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दो दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन का भव्य शुभारंभ शुक्रवार सुबह 10 बजे हुआ। इस आयोजन का नेतृत्व जगन्नाथ मंदिर संकीर्तन समिति, सानग्राम द्वारा किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण और भजन प्रेमी शामिल हो रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माताजी आश्रम हाता के संचालक सुनील कुमार दे, मुखिया अभिषेक सरदार तथा समाजसेवी कमल कांति घोष ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं धूप-दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा वातावरण हरिनाम संकीर्तन की मधुर ध्वनि से भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर सुनील कुमार दे ने अपने संबोधन में कहा कि हरिनाम संकीर्तन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह गहरी भक्ति और भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह एक धार्मिक अनुष्ठान है, जिसकी गरिमा और पवित्रता को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में कुछ स्थानों पर हरिनाम संकीर्तन के दौरान अश्लील नृत्य और गीतों का समावेश हो रहा है, जो चैतन्य महाप्रभु के आदर्शों का अपमान है। ऐसे कृत्यों से बचते हुए संकीर्तन की शुद्धता बनाए रखने की अपील की गई।

मुखिया अभिषेक सरदार ने कहा कि हरिनाम संकीर्तन से मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। वहीं कमल कांति घोष ने अपने विचार रखते हुए कहा कि हमारी भाषा, संस्कृति और धर्म ही हमारी असली पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है।
कार्यक्रम के अंत में निवारण मंडल ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए ग्रामीणों से अपील की कि वे इस धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।
इस दो दिवसीय संकीर्तन में विभिन्न क्षेत्रों से आए कीर्तन मंडलियों की सहभागिता इसे और भी विशेष बना रही है। इसमें प्रवीर दास कीर्तन संप्रदाय, कालिंदी कीर्तन संप्रदाय, सीतानाथ तिवारी कीर्तन संप्रदाय (सभी बांकुरा), रामप्रसाद गोस्वामी कीर्तन संप्रदाय (पुरुलिया), रामकृष्ण कीर्तन संप्रदाय (बुरुडीह), रास बिहारी कीर्तन संप्रदाय (पोटका) तथा जगन्नाथ मंदिर कीर्तन संप्रदाय (सानग्राम) शामिल हैं।
कार्यक्रम में सुनील कुमार दे, कमल कांति घोष, बलराम गोप, अमल बिस्वास, अभिषेक सरदार सहित तपन मंडल, महानंद मंडल, पीयूष मंडल, जयदेव मंडल, देवदुलाल मिश्र, शंभूनाथ मिश्र, स्वपन कुमार मिश्र, सुबोध मंडल, कंचन मंडल, उत्पल मंडल, निरंजन मंडल, ज्ञान रंजन मंडल, निखिल मंडल समेत गांव के अनेक गणमान्य लोग, श्रद्धालु और महिलाएं उपस्थित रहीं।
हरिनाम संकीर्तन का समापन 29 मार्च को होगा, जिसमें भव्य भजन-कीर्तन और सामूहिक पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश दे रहा है।



