Ichagarh Health Camp News : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ईचागढ़ की ओर से आगामी 9 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय परिवार स्वास्थ्य मेला 2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर बुधवार को सहियाओं द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आम जनता को स्वास्थ्य मेले की जानकारी दी गई और अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
यह रैली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ईचागढ़ से प्रारंभ होकर पातकुम गांव होते हुए पुनः ईचागढ़ अस्पताल परिसर में समाप्त हुई। रैली के दौरान सहियाओं ने
“9 जनवरी को स्वास्थ्य केंद्र आएंगे, स्वास्थ्य लाभ उठाएंगे हम”
जैसे जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य मेला में भाग लेने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरेंद्र सिंह मुंडा ने बताया कि 9 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले इस परिवार स्वास्थ्य मेला की तैयारियाँ जोरों पर हैं। इसके सफल आयोजन को लेकर समन्वय समिति की बैठक भी संपन्न हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रखंड क्षेत्र में वाहन के माध्यम से सघन माइकिंग कर प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य मेले की सूचना प्रत्येक गांव और आम नागरिक तक पहुंच सके।

डॉ. मुंडा ने बताया कि इस स्वास्थ्य मेले के माध्यम से लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का समुचित लाभ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे निर्धारित तिथि को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराएं और उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं।
रैली का नेतृत्व स्वयं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. हरेंद्र सिंह मुंडा कर रहे थे। मौके पर प्रखंड लेखा प्रबंधक रोशन कुमार झा, बीटीटी शर्मिष्ठा महतो, शिवानी महतो, सभी सहिया साथी एवं भारी संख्या में सहियाएं उपस्थित थीं। रैली में शामिल सहियाओं ने गांव-गांव जाकर लोगों को स्वास्थ्य मेला की जानकारी देने का संकल्प भी लिया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित यह परिवार स्वास्थ्य मेला प्रखंड क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।



