Indian immigrants deportation protest (प्रकाश कुमार गुप्ता) : अमेरिकी सरकार द्वारा भारतीय प्रवासियों के खिलाफ किए गए अचानक और अन्यायपूर्ण निर्वासन के मामले में उठे संकट के विरोध में, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार शुक्रवार शाम को जिला कांग्रेस कमिटी, पश्चिमी सिंहभूम के तत्वाधान में एक सांकेतिक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह प्रदर्शन चाईबासा स्थित शहीद पार्क चौक पर आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेसियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार से भारतीयों का अपमान बंद करने की अपील की।
कांग्रेस प्रदेश महासचिव और जिला बीस सूत्री सदस्य त्रिशानु राय ने कहा कि रिपोर्टों के मुताबिक, निर्वासित व्यक्तियों को अमानवीय हिरासत, यात्रा के दौरान हथकड़ी लगाए जाने और वित्तीय तबाही जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा है। इस प्रकार का व्यवहार भारतीयों की गरिमा का उल्लंघन है और हमारे देश की छवि को भी नुकसान पहुँचाता है।
उन्होंने आगे कहा कि इन घटनाओं के बावजूद केंद्र सरकार उदासीन बनी हुई है और हमारे नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने में असफल रही है। सरकार इन अमानवीय कार्रवाइयों को उचित ठहरा रही है, जो देशवासियों के प्रति सरकार की असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष नितिमा बारी ने इस संकट को अवैध प्रवासन पर काबू पाने के लिए मजबूत नीतियों की आवश्यकता और विदेशों में रोजगार के लिए सुरक्षित, कानूनी रास्तों की सुनिश्चितता के रूप में पेश किया। उन्होंने मानव तस्करी को खत्म करने और निर्वासितों के पुनः एकीकरण के लिए व्यापक समर्थन की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों ने एक स्वर में कहा कि यह विरोध न्याय, मानवीय व्यवहार और नीति सुधार की मांग का एक मजबूत बयान है। प्रदर्शन में ओबीसी जिला अध्यक्ष रंजीत यादव, सेवादल संगठन के मुख्य सदस्य लक्ष्मण हासदा, जिला महासचिव लियोनार्ड बोदरा और कई अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
कांग्रेसियों ने इस प्रदर्शन के जरिए केंद्र सरकार से भारतीय नागरिकों की गरिमा की रक्षा करने की अपील की।