Jharkhand के जनक दिशोम गुरु शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि, एसबीएम हिंदी हाई स्कूल में शोकसभा का आयोजन
झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ के तत्वावधान में जननेता को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, वक्ताओं ने उनके योगदान को बताया अतुलनीय।
Jamshedpur – मानगो स्थित एसबीएम हिंदी हाई स्कूल में झारखंड गैर सरकारी विद्यालय संघ के तत्वावधान में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य के जनक दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर एक शोक सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वक्ताओं ने उनके जीवन और संघर्ष को झारखंड राज्य के निर्माण में मील का पत्थर बताया।
शोकसभा की अध्यक्षता करते हुए संघ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद ताहिर हुसैन ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन झारखंड के उत्थान और निर्माण के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहे। उन्होंने झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई और अंतिम समय तक राज्य की भलाई के लिए समर्पित रहे।
संघ के उपाध्यक्ष मिथिलेश प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा, “मानव जीवन को शिबू सोरेन जी जैसा होना चाहिए। उन्होंने जीवन पर्यन्त झारखंड के हित में कार्य किया और खुद को झारखंड की जनता को समर्पित कर दिया।”
महासचिव शिव प्रकाश शर्मा ने कहा, “दिशोम गुरु का संघर्ष शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। जब संसाधनों का अभाव था, तब भी उन्होंने झारखंडियों के हक के लिए आंदोलन का नेतृत्व किया और अलग राज्य के सपने को साकार किया।”
शोकसभा में उदय शंकर पाठक, डी०के० ठाकुर, कन्हैयालाल, समी अहमद सहित कई गणमान्य शिक्षक और संघ के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके सपनों के झारखंड को साकार करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने शिबू सोरेन के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन हर झारखंडवासी के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा।