Jharkhand Rain Alert Yellow Warning – झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ दिखने लगा है। मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में बारिश और ठंड बढ़ने की संभावना जताई है। साथ ही, घने कुहासे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में यह बदलाव 28 और 29 दिसंबर तक रहेगा।
किन जिलों में बारिश और कुहासा?
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को राज्य के 13 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। ये जिले हैं – पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, रांची, गुमला, सिमडेगा और खूंटी। रविवार को भी गुमला, रांची, खूंटी, सरायकेला, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में बारिश के आसार हैं।
घने कुहासे का येलो अलर्ट जारी
शनिवार सुबह पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में घने कुहासे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि बारिश के बाद ठंड और कोहरा बढ़ेगा, जिससे लोगों को सर्दी का ज्यादा अहसास होगा।
मौसम में बदलाव के कारण
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के मौसम में यह बदलाव हुआ है। पर्यावरण की ऊपरी सतह से आ रही नम हवाओं की वजह से झारखंड के कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं। इसके चलते हल्की बारिश और कुहासा देखा जा रहा है।
30 दिसंबर के बाद ठंड बढ़ने के आसार
मौसम विभाग ने जानकारी दी कि 30 दिसंबर से बारिश और बादल छंटने की संभावना है। इसके बाद ठंड में तेजी से वृद्धि होगी और कई इलाकों में कनकनी का असर देखने को मिलेगा। सुबह और रात के समय धुंध और ठंड बढ़ने से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।