Jharkhand का बेटा बना देश का गौरव: मयंक सिंह ने राइजिंग नॉर्थईस्ट समिट में बढ़ाया राज्य का मान
दुमका के छात्र को मिला राष्ट्रीय मंच, मंत्रियों और दिग्गजों के बीच दी प्रभावशाली प्रस्तुति
दुमका, Jharkhand।
Jharkhand के दुमका जिले से कक्षा 12 में अध्ययनरत एक होनहार छात्र मयंक सिंह ने पूरे राज्य का नाम रोशन कर दिया है। वे न केवल एक छात्र हैं, बल्कि एक उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा नेता के रूप में भी पहचान बना चुके हैं।
भारत सरकार के उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित “राइजिंग नॉर्थईस्ट इन्वेस्टर्स समिट 2025” में मयंक को झारखंड से एकमात्र प्रतिनिधि के रूप में चुना गया। यह प्रतिष्ठित आयोजन 23-24 मई, 2025 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित हुआ।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड की दमदार उपस्थिति
इस शिखर सम्मेलन में मयंक सिंह को भारत और विदेशों से आए विशिष्ट प्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, कैबिनेट मंत्रियों और त्रिपुरा, मणिपुर, असम जैसे राज्यों के मुख्यमंत्रियों के सामने बोलने का अवसर मिला। उनकी प्रस्तुति को भरपूर सराहना मिली।
वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने की प्रशंसा
सम्मेलन के दौरान, देश के प्रमुख उद्योगपति और वेदांता समूह के चेयरमैन श्री अनिल अग्रवाल ने मयंक सिंह की सोच और आत्मविश्वास की विशेष प्रशंसा की।
अमेज़न समिट – मुंबई में भी मिला आमंत्रण
मयंक को अब अगले महीने मुंबई में होने वाले “अमेज़न समिट” के लिए आमंत्रित किया गया है, जो युवाओं और नवाचार पर केंद्रित एक बड़ा आयोजन है।
सिक्किम पर्यटन विभाग और संचार मंत्री से विशेष निमंत्रण
सिक्किम के पर्यटन निदेशक ने मयंक को झारखंड से युवा प्रतिनिधि के रूप में चुनते हुए व्यक्तिगत रूप से सिक्किम भ्रमण के लिए आमंत्रित किया है। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय संचार मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी मयंक की सराहना करते हुए उन्हें अपने राज्य के दौरे के लिए आमंत्रित किया।
नेताओं, अरबपतियों और सचिवों के साथ अनुभव साझा किए
सम्मेलन में मयंक को कई राज्यों के सचिवों, कैबिनेट मंत्रियों और देश के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ संवाद और भोजन करने का भी अवसर मिला।
💬 मयंक सिंह कहते हैं :
“यह सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि मेरे परिवार, शिक्षकों और पूरे झारखंड राज्य का गर्व का क्षण है। मेरी कोशिश रहेगी कि मैं राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा बन सकूं।”