Mahashivratri Celebration Chaibasa (प्रकाश कुमार गुप्ता) : कल संपन्न हुए महाशिवरात्रि पर्व के बाद आज संध्या को पूरी धार्मिक रीति-रिवाज के साथ माता पार्वती की विदाई का आयोजन शहर के सिद्धेश्वर मंदिर में धूमधाम से हुआ। यह आयोजन विशेष रूप से धार्मिक आस्था और परंपराओं का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करता है। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में महिलाएं शामिल हुईं और विधिपूर्वक सभी रश्मों को निभाया।
कल महाशिवरात्रि के दिन शहर के लगभग 14 प्रमुख धार्मिक संस्थाओं के द्वारा हजारों भक्तों के साथ शिव जी की बारात निकाली गई थी, जिसमें भूत-प्रेत के अलावा देवी-देवताओं के रूप में झांकियां भी प्रदर्शित की गईं। रात्रि के समय सिद्धेश्वर मंदिर में विवाह की रसम संपन्न होने के बाद भक्तों में मिष्ठान वितरण का भी आयोजन हुआ।
पारंपरिक रूप से शादी के दूसरे दिन विदाई की रस्म होती है, जो आज विधिपूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर शहर के सिद्धेश्वर मंदिर में सैकड़ों महिलाएं उपस्थित हुईं और सभी पारंपरिक रश्मों को निभाते हुए माता पार्वती की विदाई की। यह विदाई समृद्धि और शुभ संकेतों के रूप में जानी जाती है, जो संतान सुख की प्राप्ति की प्रतीक मानी जाती है।
माता पार्वती की विदाई समारोह में सिद्धेश्वर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अनिल महतो, उपाध्यक्ष पप्पू निषाद, महासचिव पवन शर्मा सहित अन्य कमेटी सदस्यगण भी उपस्थित रहे और इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाई।
यह आयोजन चाईबासा के धार्मिक और सांस्कृतिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है, जो न केवल श्रद्धालुओं की आस्था को प्रगाढ़ करता है, बल्कि धार्मिक एकता और सामाजिक सौहार्द का भी प्रतीक है।