Vijay Das Murder Case – सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सितू गांव निवासी विजय कुमार दास (31) की हत्या की गुत्थी रांची पुलिस ने सुलझा ली है। 24 फरवरी से लापता विजय का शव 12 दिन बाद रविवार को रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र के टेंगरिया गांव के पास जंगल में स्थित एक सुनसान कुएं से बरामद किया गया था.
मालूम हो कि विजय कुमार दास पिछले चार वर्षों से रांची के पुंदाग स्थित रेशमी कंस्ट्रक्शन कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था और कंपनी के कैंपस में ही रहता था। 24 फरवरी 2026 को वह अपने गांव सितू से काम के लिए रांची गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। परिजनों ने जब संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल बंद मिला। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने दलादली ओपी में शिकायत दर्ज कराई थी।

परिजनों ने उस समय एक महिला पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि विजय का रोशनी नाम की महिला से प्रेम संबंध था और हाल के दिनों में दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप था कि विवाद के बाद महिला ने विजय को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
इसी बीच सोमवार को रांची पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। रांची के ग्रामीण एसपी रांची प्रवीण पुष्कर ने बताया कि जांच के दौरान विजय की प्रेमिका रौशनी देवी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में सामने आया कि रौशनी ने अपनी बहन सीमा देवी और भाई भूपेश बैठा के साथ मिलकर विजय की हत्या की साजिश रची थी। रौशनी देवी पहले से शादीशुदा है और एक बच्चा भी है।

ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि रौशनी ने विजय को बेड़ो स्थित अपने गांव का नया मकान जरिया बुलाया, जहां तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। जब विजय नशे में हो गया तो आरोपियों ने चाकू से उसका गला रेत दिया और पेट में कई वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बाइक से बांधकर जंगल के पास स्थित एक सुनसान कुएं में फेंक दिया गया, ताकि घटना को छुपाया जा सके।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज घटना के सामने आने के बाद सितू गांव समेत आसपास के इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



