New Delhi: दिल्ली-एनसीआर में ठंड ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी में 17 और 18 दिसंबर के लिए शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मध्यम कोहरा छाने और सर्द हवाओं के थपेड़े पड़ने की चेतावनी दी गई है।
पारा गिरा, शीतलहर के संकेत
सोमवार सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूसा क्षेत्र में पारा गिरकर 3.5 डिग्री तक पहुंच गया तो वहीं आयानगर में 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक राजधानी के कई हिस्सों में तापमान और गिर सकता है, जिससे शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी।
किन इलाकों में दिखेगा शीतलहर का असर?
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के दक्षिणी, दक्षिण-पश्चिमी, दक्षिण-पूर्वी, नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के इलाकों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में सुबह के समय मध्यम कोहरा छा सकता है और सर्द हवाएं भी चलेंगी। हालांकि, दोपहर में आसमान साफ रहने की उम्मीद है।
एनसीआर में कोहरा लेकिन शीतलहर नहीं
एनसीआर के शहरों जैसे नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में शीतलहर के आसार नहीं हैं, लेकिन सुबह और रात के समय हल्के से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। इन इलाकों में ठंड का असर महसूस किया जाएगा, जबकि दिन में मौसम शुष्क बना रहेगा।
AQI भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में
दिल्ली में सर्दी के साथ वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) भी खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। सोमवार सुबह नौ बजे AQI 351 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ा है, जिससे हवाओं की गति धीमी हो गई है। इस कारण प्रदूषण के कण वातावरण में जमा हो रहे हैं और AQI खराब हो रहा है।
क्या रहेगा तापमान?
दिल्ली में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सफदरजंग में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग की सलाह:
मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम ठंड से बचने के लिए गरम कपड़े पहनने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को कोहरे और सर्द हवाओं से सावधान रहने की जरूरत है।