National Youth Parliament 2025 (प्रकाश कुमार गुप्ता) : आज महिला कॉलेज चाईबासा में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रमुख रूप से डॉ. प्रीतिबाला सिन्हा (प्राचार्या, महिला कॉलेज चाईबासा), डॉ. अर्पित सुमन (नोडल पदाधिकारी, पश्चिमी सिंहभूम), श्री क्षितिज (जिला युवा पदाधिकारी, NYKS) और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। इस प्रेस वार्ता का मुख्य उद्देश्य आगामी राष्ट्रीय युवा संसद 2025 के बारे में जानकारी देना था, जो कि महिला कॉलेज चाईबासा के द्वारा आयोजित किया जाएगा।
विकसित भारत राष्ट्रीय युवा संसद के बारे में बताते हुए डॉ. प्रीतिबाला सिन्हा ने बताया कि यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य पश्चिमी सिंहभूम जिले के युवाओं को राष्ट्रीय युवा संसद से जोड़ना है, ताकि अधिक से अधिक युवा इस मंच पर अपनी राय रख सकें और देश के विकास में भागीदार बन सकें।
डॉ. सिन्हा ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष (2025) में जिला स्तर पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय युवा संसद के लिए युवाओं को विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के तहत 18 से 25 वर्ष के युवा प्रतिभागियों को इस अवसर का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने मीडिया से भी आग्रह किया कि इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक युवा जुड़ सकें।

कार्यक्रम का विवरण:
1. युवा प्रतिभागियों को विकसित भारत विषय पर 1 मिनट का वीडियो (25 MB) हिंदी या अंग्रेजी में बनाकर My Bharat Portal पर अपलोड करना है।
2. इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
3. पंजीकरण की अंतिम तिथि 09 मार्च 2025 तक है, जो 27 फरवरी 2025 से शुरू होगा।
4. वीडियो अपलोड करने के बाद, 150 प्रतिभागियों का चयन जिला स्तर पर किया जाएगा।
5. चयनित 150 प्रतिभागियों को 17 और 18 मार्च 2025 को ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर अपनी प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा, जिसमें 10 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तर के राष्ट्रीय युवा संसद के लिए किया जाएगा।
6. राज्य स्तर पर चयनित 03 प्रतिभागी दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय युवा संसद 2025 में भाग लेने का अवसर प्राप्त करेंगे।
इस प्रेस वार्ता में डॉ. अर्पित सुमन ने बताया कि इस युवा संसद के सफल संचालन के लिए एक समिति का गठन किया गया है, जो इस कार्य को पूरी तत्परता और उत्साह के साथ कर रही है। इस मौके पर प्रोफेसर डोरिस मिंज, डॉ. सुचिता बाड़ा और सितेंद्र रंजन सिंह भी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम ना केवल युवाओं को अपनी आवाज उठाने का एक अवसर प्रदान करेगा, बल्कि देश के विकास में उनके योगदान को भी उजागर करेगा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के युवा इस अभियान का हिस्सा बनकर न केवल अपनी सोच को साझा करेंगे, बल्कि राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर अपने विचारों को प्रस्तुत करने का एक अनूठा मौका प्राप्त करेंगे।