सामूहिक पूजा अर्चना और नृत्य के साथ माघे पर्व की शुरुआत, धार्मिक परंपराओं का उत्सव
Maghe Festival Celebration (प्रकाश कुमार गुप्ता) : चाईबासा शहर के पास स्थित गांव मतकमहातु और कमरहातु में शुक्रवार को माघे पर्व की शुरुआत बड़े धूमधाम से हुई। इस दिन ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से दिऊरियों द्वारा देशाऊली की पूजा अर्चना की और पर्व की शुरुआत की। पूजा के दौरान महिलाएं पारंपरिक मागे लोकगीत गातीं और पुरुष माऊथ ऑर्गन तथा बनम बजाकर उनका स्वागत करते थे।
पूजा से पहले दिऊरियों को ढोल नगाड़े के साथ तालाब में स्नान के लिए ले जाया गया, फिर वे पूजा स्थल पर गाजे-बाजे के साथ पहुंचे। मुख्य पूजा स्थल पर सामूहिक पूजा अर्चना की गई, जिसमें मुख्य दिऊरी चंंद्रमोहन देवगम (डाडू), सुरेश देवगम, गोपाल देवगम सहित अन्य दिऊरी शामिल थे। पूजा के बाद ग्रामीणों ने सामूहिक नृत्य किया और इस दौरान खुशी का माहौल बना रहा।

इसके बाद, ग्रामीण अपने-अपने टोलों में बने नृत्य अखाड़ों में गए और देर रात तक सामूहिक नृत्य का आयोजन चलता रहा। इस उत्सव में दिऊरी डाडू देवगम और मुंडा धनुर्जय देवगम ने ग्रामीणों को माघे पर्व की शुभकामनाएं दीं। डाडू देवगम ने बताया कि आज बड़ा पर्व है, जबकि बासी पर्व कल मनाया जाएगा। बासी पर्व में सामूहिक नृत्य और खानपान की परंपरा है, जिससे ग्रामीण प्रकृति के प्रति आभार जताते हैं।
तीसरे दिन हारमागेया पर्व का आयोजन होगा, जिसमें खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस पर्व की तैयारी पूरी कर ली गई है और ग्रामीण पूरे उत्साह से इसमें भाग लेंगे। पूजा के दौरान विजय देवगम, सोना तियू, डीबर देवगम, मनरेगा जेई परेश देवगम, बैंककर्मी पूरन देवगम, गोपाल देवगम समेत कई अन्य लोग भी पूजा स्थल पर मौजूद थे।