“हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” थीम पर आधारित कार्यक्रम में छात्रों को मिला पर्यावरण संरक्षण का संदेश
Environmental Awareness Program (प्रकाश कुमार गुप्ता) : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो० शाकिर के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा द्वारा मंगलवार को लूथेरन उच्च विद्यालय में एक दिवसीय पृथ्वी दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस वर्ष पृथ्वी दिवस की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” (Our Power, Our Planet) रखी गई, जिसका उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा को प्रोत्साहित करते हुए वर्ष 2030 तक स्वच्छ बिजली उत्पादन को तीन गुना करना है। यह 55वां पृथ्वी दिवस दुनियाभर में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जागरूकता फैलाने के लिए मनाया गया।
कार्यक्रम में PLV सूरज कुमार ठाकुर ने विद्यार्थियों को बताया कि कैसे ग्लोबल वार्मिंग, वनों की कटाई, वायु और जल प्रदूषण जैसे पर्यावरणीय संकटों से पृथ्वी का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है। उन्होंने जल संरक्षण, वृक्षारोपण और प्लास्टिक उन्मूलन जैसे छोटे-छोटे कदमों से पर्यावरण की रक्षा करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान “हरियाली अपनाएं, हरियाली बचाएं” और “Our Power, Our Earth” जैसे नारे छात्रों ने उत्साहपूर्वक दोहराए। छात्रों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजगता दिखाई और इस दिशा में योगदान का संकल्प लिया।
इस आयोजन ने विद्यार्थियों में न सिर्फ प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित की, बल्कि उन्हें भविष्य के लिए सतत विकास की राह दिखाने का भी कार्य किया।