Wild Elephant Attack : नीमडीह प्रखंड अंतर्गत जामडीह गांव में बीती रात एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हाथी ने गांव के मदन दास की राशन दुकान को निशाना बनाते हुए उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी ने दुकान घर का दिवाल को तोड़कर दुकान में रखे कुछ समानों को भी नष्ट कर दिया। हाथी के इस हमले से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना का विवरण मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात को दलमा वन्यजीव अभयारण्य से भटका हुआ एक विशालकाय हाथी गांव में दाखिल हुआ।
हाथी ने मदन दास की दुकान की दीवार और एलबस्टर को तोड़ डाला। दुकान के अंदर रखे अनाज और अन्य सामानों को भी हाथी ने काफी नुकसान पहुँचाया। गनीमत रही कि उस वक्त दुकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का झुंड अक्सर शाम ढलते ही जन बहुल गांवों का रुख कर लेता है। मदन दास ने बताया कि उनकी दुकान ही उनकी जीविका का एकमात्र साधन थी, जिसे हाथी ने तहस-नहस कर दिया है। ग्रामीणों ने शोर मचाकर और मशाल जलाकर हाथी को गांव से खदेड़ने का प्रयास किया, जिसके बाद वह जंगल की ओर चला गया।
समाजसेवी समीर कुमार महतो ने वन विभाग से मुआवजे और सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने वन विभाग से अपील की है कि हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखी जाए और प्रभावित दुकानदार को उचित मुआवजा दिया जाए।



