Sabita Mahto Ichagarh : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता महतो शुक्रवार को चांडिल प्रखंड के विभिन्न गांवों में आयोजित अखंड हरीनाम संकीर्तन में शामिल हुईं। उन्होंने घोड़ानेगी, चौका, बड़ामटांड़ और ईचागढ़ प्रखंड के टीकर गांव पहुंचकर धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया और क्षेत्रवासियों के साथ भक्ति भाव में समय बिताया।
विधायक के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही आयोजन समिति एवं ग्रामीणों ने उनका पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने हरिमंडप में विधिवत पूजा-अर्चना की और माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
संकीर्तन के दौरान विधायक सविता महतो कुछ समय तक श्रद्धालुओं के बीच बैठीं और भक्ति गीतों व कीर्तन का आनंद लिया। पूरे वातावरण में व्याप्त आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा भाव की उन्होंने सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता को भी बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि अखंड हरीनाम संकीर्तन जैसे कार्यक्रम ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करने का माध्यम भी बनते हैं।
इस मौके पर स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने विधायक के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं रखीं। विधायक ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए यथासंभव समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, समर भुईयां, कमल पोद्दार समेत कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु उपस्थित थे।



