वन विभाग हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त घरों की शीघ्र मरम्मत और पीड़ित परिवार को जल्द उचित मुआवजा दे : सविता महतो
Elephant Attack Jharkhand : ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के हाड़ात गांव में जंगली हाथियों के हमले में मृत मां-बेटी के परिजनों से मिलने मंगलवार को विधायक सविता महतो गांव पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। विधायक ने मृतका चाइना देवी के पति एवं घायल मोहनलाल महतो के माता-पिता से शिलदा में मुलाकात कर उनकी स्थिति का जायजा लिया और घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान विधायक ने बुजुर्ग के इलाज के लिए समय समय पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने की बात कही ।

इस दौरान घायलों को सुखा राशन और आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। वहीं हाड़ात स्थित मृतका के घर पर भी चावल, चूड़ा, गुड़, बिस्कुट सहित अन्य सामग्री और श्राद्ध क्रम के लिए निजी स्तर से आर्थिक सहायता दी गई।मालूम हो कि शनिवार की सुबह हाथियों के झुंड ने गांव में हमला कर कमल चंद महतो की पत्नी चाइना देवी और उनकी बेटी अमिता बाला को कुचलकर मार डाला था। घटना में मोहनलाल महतो और उनकी मां सांतुला देवी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। विधायक सविता महतो ने कहा कि मृतका के 9 वर्षीय पुत्र अमित महतो का आवासीय विद्यालय में दाखिला कराया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने वन विभाग को हाथियों द्वारा क्षतिग्रस्त घरों की शीघ्र मरम्मत और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने का निर्देश दिया।

साथ ही बीडीओ एकता वर्मा को बच्चे के पालन-पोषण से संबंधित सभी प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने को कहा गया। विधायक ने डीएफओ से फोन पर बातचीत कर क्षेत्र में हाथियों के उत्पात को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

इस अवसर पर बीडीओ एकता वर्मा, उप प्रमुख दीपक साहू, थाना प्रभारी बजरंग महतो, वनपाल मुकेश महतो, पंचायत सचिव, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, किशुन किस्कू, सपन आदित्यदेव, ग्राम प्रधान बुधु सिंह मुंडा, अघोर महतो सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।





