नवाडीह सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति ने निकाली भव्य कलश यात्रा
चार किलोमीटर तक पैदल चलीं महिलाएं, कलश यात्रा के साथ खुला मां दुर्गा मंदिर का पट
Ichagarh Durga Puja – प्रखंड क्षेत्र के नवाडीह गांव में शुक्रवार को श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से महाषष्ठी के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। करकरी नदी से शुरू हुई इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने माथे पर कलश धारण कर करीब चार किलोमीटर तक पैदल यात्रा की।

खोल-कीर्तन और गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। इसके बाद कलशों को नवाडीह स्थित दुर्गा मंदिर में विधि-विधान के साथ स्थापित किया गया।कलश यात्रा के साथ ही दुर्गा मंदिर का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। समिति की ओर से इस वर्ष पांचवीं बार दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है।

पूजा को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकाली गई कलश यात्रा आकर्षण का केंद्र रही।मंदिर के पुजारी खगेन्द्र नाथ पांडे ने बताया कि महाषष्ठी के अवसर पर कलश यात्रा निकालकर पूजा-अर्चना की शुरुआत की गई है।

इसके बाद बिल्ववरण की रस्म पूरी कर नवमी तक विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा की जाएगी। दशमी के दिन कलश एवं मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।उन्होंने कहा कि पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र के लोगों के सहयोग से यहां भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है।
कलश यात्रा और पूजा-अर्चना में श्रद्धालुओं की भागीदारी ही इस आयोजन की विशेष पहचान है। मौके पर अतिथि के रूप में बड़गांव आश्रम के सीता राम बाबा,समिति के पूर्व मुखिया जीतेन माझी,गणेश माझी, अयोध्या माझी,दीपक, राखाल, रामदास, सुधीर,प्रभाष ,बिरवल, हर्षित, गुणाधर, गणेश गोराई, रंजीत आचार्य,राजु दास सहित सैकड़ों महिला पुरूष उपस्थित थे।



