Adityapur News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड के प्लांट-1 में प्रबंधन और यूनियन के बीच चार वर्षीय ग्रेड रिवीजन समझौता संपन्न हो गया है। समझौते के तहत कर्मचारियों के वेतन में 23 प्रतिशत वृद्धि तथा पांच ठेका श्रमिकों को तत्काल स्थायी करने पर सहमति बनी है।
समझौते से कर्मचारियों को प्रतिमाह अधिकतम 12,500 रुपये और न्यूनतम 5,225 रुपये का लाभ मिलेगा। समझौता होने के बाद कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।
Adityapur News: कर्मचारियों के वेतन में 23% बढ़ोतरी
ग्रेड रिवीजन समझौते के अनुसार कर्मचारियों के बेसिक और वीडीए में 23 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न भत्तों में भी बढ़ोतरी की गई है, जिससे कर्मचारियों को अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिलेगा।
रात्रि पाली और हिट भत्ता में पांच रुपये प्रतिदिन की वृद्धि की गई है। वहीं, वाहन भत्ता में 10 रुपये प्रतिदिन की बढ़ोतरी पर सहमति बनी है।
मेडिक्लेम के अतिरिक्त बाह्य चिकित्सा खर्च के लिए मिलने वाली वार्षिक राशि भी बढ़ाई गई है। पहले यह राशि पांच हजार रुपये थी, जिसे अब छह हजार रुपये कर दिया गया है।
पांच ठेका श्रमिक होंगे स्थायी, चार साल लागू रहेगा समझौता
समझौते की एक प्रमुख उपलब्धि पांच ठेका श्रमिकों को तत्काल स्थायी करने का निर्णय है। इससे लंबे समय से कार्यरत ठेका श्रमिकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
यह समझौता एक अप्रैल 2026 से प्रभावी होकर 31 मार्च 2030 तक लागू रहेगा। कर्मचारियों के बकाया एरियर का भुगतान नवंबर महीने के वेतन के साथ सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा।

प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों ने समझौते पर किए हस्ताक्षर
समझौते पर प्रबंधन की ओर से सीओओ शक्ति प्रसाद सेनापति, चीफ ह्यूमन रिसोर्सेज ऑफिसर भूपेंद्र लोधी, प्लांट हेड एम. बाला मुरली कृष्णा और सहायक महाप्रबंधक (एचआर) रिंटू मुखर्जी ने हस्ताक्षर किए।
यूनियन की ओर से अध्यक्ष अभय कुमार लाभ, उपाध्यक्ष दिनेश राम, महामंत्री तारकेश्वर यादव, कोषाध्यक्ष अच्छेलाल यादव, संयुक्त सचिव नवल झा, संगठन सचिव शैलेन्द्र सिंह तथा सदस्य विपुल गोलदार और अशोक मिश्रा ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
समझौते के बाद कर्मचारियों ने मनाई खुशी
समझौता संपन्न होने के बाद कर्मचारियों ने प्रबंधन और यूनियन पदाधिकारियों के प्रति आभार जताया। कंपनी गेट पर मजदूरों ने गाजे-बाजे के साथ यूनियन पदाधिकारियों का स्वागत किया। उन्हें माला पहनाई गई और अंगवस्त्र भेंट किए गए।
इस दौरान कर्मचारियों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी मनाई। प्रबंधन और यूनियन दोनों पक्षों ने भविष्य में भी आपसी सहयोग और सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंध बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।
यह भी पढ़ें:






