Chaibasa Congress Meeting (प्रकाश कुमार गुप्ता) : 1 मार्च 2025 को बोड़ामटांड़, चावलीबासा चौका ईचागढ़ में आयोजित होने वाले कोल्हान प्रमंडल स्तरीय कांग्रेस समागम की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को गोल्डन व्यू रिजॉर्ट, चांडिल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की, जिसमें प. सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की विस्तारित बैठक में लिए गए निर्णय के तहत कोल्हान प्रमंडल स्तरीय समागम का आयोजन किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य संगठन को सशक्त और मजबूत बनाना है। इस समागम में झारखंड कांग्रेस के प्रभारी, सह प्रभारी, मंत्री, सांसद, विधायक सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। उन्होंने सभी कांग्रेसियों से समागम को ऐतिहासिक बनाने के लिए कड़ी मेहनत करने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक को संबोधित करने वाले मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय थे। बैठक में प. सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष चंद्रशेखर दास, जिला उपाध्यक्ष जय प्रकाश महतो, कामगार कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष सुरज मुखी, तथा अन्य प्रमुख कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।