उत्तर भारत में शीतलहर, हिमाचल और कश्मीर में बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित
New Delhi : देशभर में मौसम ने करवट ले ली है। नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते कई राज्यों में भारी बारिश, बर्फबारी और शीतलहर का असर देखा जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना जताई है।
13 राज्यों में कोहरे का अलर्ट
IMD के अनुसार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, झारखंड, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों में 30 दिसंबर तक घने से बहुत घने कोहरे की संभावना है। खासतौर पर देर रात और सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहेगी।
हिमाचल प्रदेश: बर्फबारी से 70 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और लाहौल स्पीति में भारी बर्फबारी ने जनजीवन को ठप कर दिया है। शुक्रवार सुबह रोहतांग और कुंजम दर्रा समेत ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। प्रशासन ने सैलानियों को रोहतांग टनल और जलोड़ी दर्रा की तरफ न जाने की हिदायत दी है। दो नेशनल हाईवे समेत 70 सड़कें अभी भी अवरुद्ध हैं। शीतलहर और बर्फबारी के कारण प्रदेश में ठंड और अधिक बढ़ गई है।
राजस्थान: बारिश और ठंड से बढ़ी मुश्किलें
राजस्थान के कई हिस्सों में मध्यम बारिश और घने कोहरे के बीच ठंड ने अपना प्रचंड रूप दिखाया। चुरू में बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई इलाकों में कड़ाके की ठंड के कारण लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है।
जम्मू-कश्मीर: ताजा बर्फबारी के बाद शीतलहर तेज
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, गांदरबल, अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां और पुलवामा में ताजा हिमपात हुआ है। श्रीनगर-लेह राजमार्ग और मुगल रोड बर्फबारी के कारण बंद कर दिए गए हैं। घाटी में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे पहुंच गया है, जिससे शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है।
मध्य भारत: ओलावृष्टि की संभावना
मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। अगले तीन दिनों तक ठंड और बारिश का यह असर बने रहने की संभावना है।
सावधानियां और अलर्ट
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे घने कोहरे और बर्फबारी के दौरान गैर-जरूरी यात्रा से बचें। वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही, पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने और खुद को ठंड से बचाने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम की यह स्थिति नए साल के पहले सप्ताह तक बनी रह सकती है। ऐसे में लोग मौसम विभाग के ताजा अपडेट्स पर नजर बनाए रखें।