Jawaharlal Nehru Death Anniversary (प्रकाश कुमार गुप्ता) : देश के पहले प्रधानमंत्री और आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि मंगलवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने कहा, “पंडित नेहरू सिर्फ एक प्रधानमंत्री नहीं थे, बल्कि एक दूरदर्शी राष्ट्रनिर्माता थे। जब देश आजादी के बाद सामाजिक और राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा था, तब उन्होंने भारत को एकजुट कर विकास के पथ पर अग्रसर किया।”
देश को दिशा देने वाला नेतृत्व
इस मौके पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा, “नेहरू जी का भारत के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर एक आधुनिक और सशक्त भारत के निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है। उनका जीवन और विचारधारा आज भी देश को दिशा देने वाली प्रेरणा है।”
संकल्प लिया गया – नेहरू के दिखाए मार्ग पर चलने का
पुण्यतिथि समारोह में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि पंडित नेहरू का व्यक्तित्व और विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने देश को एक ऐसी बुनियाद दी जिस पर आधुनिक भारत की इमारत खड़ी है। कांग्रेसजनों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
अनेक वरिष्ठ कांग्रेसी रहे उपस्थित
इस अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे, जिनमें जिला महासचिव कैरा बिरुवा, अशोक बारीक, शिक्षा विभाग चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, सकारी दोंगो, चंद्र भूषण बिरुवा, मंडल अध्यक्ष सिंगराय गोप, नगर उपाध्यक्ष सुभाष राम तुरी, महासचिव मो. शहजादा प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त नौरु सुम्बरुई, गोपाल बोदरा, सुरसेन टोपनो, गुलाम सरवर, मो. मिनाज, मनीष दोंगो, बिर सिंह पुरती, सुशील दास, गंगा राम पुरती सहित कई अन्य कार्यकर्ता और नागरिक भी मौजूद थे।
कार्यक्रम में नेहरू जी के योगदान को याद करते हुए उन्हें राष्ट्र के इतिहास में एक अमिट व्यक्तित्व के रूप में वर्णित किया गया।