Jharkhand Womens Kabaddi Premier League (प्रकाश कुमार गुप्ता) : झारखंड स्टेट कबड्डी संघ के तत्वाधान में रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में आयोजित झारखंड कबड्डी प्रीमियर लीग (महिला) के ट्रायल में पश्चिमी सिंहभूम की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
इस ट्रायल में राज्यभर से कुल 180 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से पश्चिमी सिंहभूम से आठ खिलाड़ी शामिल हुईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उर्मिला होनहागा, ललिता चातर, सीनी बानरा, हीरामणि महाली, गीता हेमरोम, और स्मिता का चयन किया गया। ये सभी खिलाड़ी फरवरी माह में आयोजित होने वाले झारखंड प्रीमियर लीग में पश्चिमी सिंहभूम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इन खिलाड़ियों के चयन पर कोल्हान प्रभारी श्यामल दास, जिला अध्यक्ष दीपेंद्र प्रसाद साहू, जिला सचिव अनु पूर्ति, उपाध्यक्ष प्रदीप महतो और अनूप प्रसाद ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
जिला प्रशासन और खेल संगठनों ने इन प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन को जिले के लिए गर्व का क्षण बताया। यह सफलता पश्चिमी सिंहभूम की बेटियों की कड़ी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।