Majhgaon Legal Awareness Campaign (प्रकाश कुमार गुप्ता) : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा ने मझगांव प्रखंड कार्यालय परिसर में 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों से जुड़े कानूनी अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव, राजीव कुमार सिंह ने की। उन्होंने उपस्थित लोगों को दैनिक जीवन से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने नालसा के टॉल-फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी, जिसके माध्यम से लोग कानूनी समस्याओं और जानकारी के लिए संपर्क कर सकते हैं।

श्री सिंह ने महिलाओं और बच्चों के अधिकारों, हिंसा विरोधी कानूनी प्रावधानों और कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकार अधिनियम 1987 की धारा 12 के तहत लाभार्थियों को मिलने वाले लाभों के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम में मंझगांव प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय रंजन तिर्की ने महिलाओं की स्वावलंबन की दिशा में बढ़ती भूमिका पर जोर देते हुए, महिला कल्याण योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर चार व्यक्तियों को व्हीलचेयर भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में समाजसेवी सुरेश सिंह, पीएलवी रवि गोप, संतोष गोप, तराना खातून, मोहम्मद मंसूर, एजाज हुसैन, पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
यह कार्यक्रम विधिक जागरूकता बढ़ाने और समाज में न्याय की पहुंच को सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
