Sainya Matri Shakti Jamshedpur Picnic Program : सैन्य परिवारों की एकजुटता, नारी-शक्ति और देशभक्ति के भाव को सशक्त रूप से प्रस्तुत करता सैन्य मातृशक्ति जमशेदपुर का वनभोज सह पारिवारिक मिलन समारोह 13 दिसंबर को जुबली पार्क स्थित स्थानीय पार्क में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
कार्यक्रम का आयोजन संगठन की अध्यक्ष श्रीमती रूबी सिंह के नेतृत्व में किया गया। यह मिलन समारोह केवल एक सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि सैन्य संस्कारों, आपसी परिचय और संगठनात्मक मजबूती को बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास रहा। बैठक के बहाने पूर्व सैनिकों की पत्नियाँ और नई सदस्य सैन्य मातृशक्ति के बैनर तले एक मंच पर एकत्रित हुईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत संगठन से जुड़ी नई महिला सदस्यों का परिचय एवं अभिनंदन किया गया, जिससे आपसी आत्मीयता और संगठनात्मक जुड़ाव और मजबूत हुआ।
बैठक का संचालन संगठन की महामंत्री श्रीमती विनीता सिंह ने किया। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सैन्य मातृशक्ति का उद्देश्य केवल संगठन तक सीमित न रहकर समाज में भी अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराना है। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
विषय प्रवेश देते हुए श्रीमती भावना सिंह ने संगठन की शक्ति और दृढ़ता पर बल देते हुए कहा कि आधुनिकता और सैनिक मूल्यों का सामंजस्य ही वर्तमान समाज के सकारात्मक बदलाव की आधारशिला बन सकता है। उन्होंने कहा कि सैन्य परिवारों की महिलाएँ अनुशासन, त्याग और संस्कारों की सशक्त वाहक हैं, जिनसे समाज को प्रेरणा मिलती है।

आयोजित बैठक का मुख्य उद्देश्य पुरानी एवं नई बहनों का मिलन, परिचय तथा सैन्य संस्कारों से नागरिक परिवेश के लोगों को अवगत कराना रहा। यह आयोजन संगठन की एकजुटता और नारी-शक्ति की सामूहिक ऊर्जा को दर्शाने वाला साबित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और नारी-शक्ति से ओतप्रोत गीतों की अंताक्षरी एवं समूह गायन ने सभी को भावविभोर कर दिया। “ऐ मेरे वतन के लोगों”, “आओ बच्चों तुम्हें दिखाएँ झाँकी हिंदुस्तान की”, “कर चले हम फ़िदा जान-ओ-तन साथियो”, “जय हो, जय हो भारत माँ”, “रंग दे बसंती चोला”, “वंदे मातरम्” जैसे गीतों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। “सशक्त नारी, सशक्त भारत” जैसे कार्यक्रम गीतों ने महिलाओं के आत्मबल और प्रेरणा को उजागर किया।
धन्यवाद ज्ञापन संगठन की ओर से श्रीमती अनुपम सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाली सभी महिलाओं और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूनम, पिंकी, कंचन सिंह, रेखा शर्मा, पूनम सिन्हा, शर्मिला सिंह, श्वेता रानी, रूबी सिंह, विनीता सिंह, अंजू सिंह, मंजू देवी, अनुपमा सिंह, भावना सिंह, ज्ञांती रे सहित बड़ी संख्या में सैन्य मातृशक्ति की सदस्याएँ उपस्थित रहीं।
समारोह का समापन सौहार्द, एकता और राष्ट्रप्रेम के संदेश के साथ हुआ। यह आयोजन न केवल सैन्य परिवारों के बीच आपसी संवाद और सहयोग का माध्यम बना, बल्कि समाज में नारी-शक्ति की भूमिका और सैन्य संस्कारों के महत्व को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने में सफल रहा।



