Savitri Bai Phule Education Empowerment – ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ दक्षिण पूर्व रेलवे टाटानगर शाखा द्वारा आज माता सावित्रीबाई फूले की जन्म जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ दक्षिण पूर्व रेलवे के महासचिव कृष्ण मोहन प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि, “माता सावित्रीबाई फूले ने भारत में महिलाओं को शैक्षणिक गुलामी से मुक्ति दिलाने के साथ-साथ देश में पहला महिला विद्यालय स्थापित कर शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन लाया। वे न केवल शैक्षिक दृष्टि से महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती थीं, बल्कि समाज में व्याप्त आडंबरों को समाप्त कर वैज्ञानिक चिंतन और विचारधारा को प्रोत्साहित करती थीं।”
उन्होंने कहा कि माता सावित्रीबाई फूले का योगदान राष्ट्र के शैक्षणिक उत्थान में अतुलनीय है और उनके कार्यों से प्रेरणा लेकर ही आज महिलाएं हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रही हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ दक्षिण पूर्व रेलवे के कार्यकारी अध्यक्ष अर्जुन साहू ने की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना ही माता फूले का सपना था, और इस दिशा में हम सबको मिलकर काम करना होगा।
कार्यक्रम में ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ दक्षिण पूर्व रेलवे टाटानगर शाखा के सचिव मुद्रिका प्रसाद ने भी अपने विचार व्यक्त किए और महिलाओं से माता सावित्रीबाई फूले के सिद्धांतों का पालन करने का आह्वान किया।
समारोह में ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ मंडल रनिंग शाखा के कार्यकारी अध्यक्ष आदर्श कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर जितेंद्र कुमार और विवेकानंद ने भी अपने विचार व्यक्त किए और माता सावित्रीबाई फूले के योगदान को याद किया।
इस कार्यक्रम में ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और माता सावित्रीबाई फूले के योगदान को याद करते हुए उनके कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।