रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज 8 दिसंबर से बदलने वाला है। रांची मौसम केंद्र ने राज्य के कई जिलों में बारिश और कोहरे की संभावना जताते हुए तीन दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
तापमान में होगा बदलाव
मौसम केंद्र के मुताबिक, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभावित है।
इन जिलों में होगी बारिश
8 दिसंबर को झारखंड के पश्चिमी और निकटवर्ती उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसका प्रभाव पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, कोडरमा, लोहरदगा, हजारीबाग, गुमला और सिमडेगा जिलों में देखने को मिलेगा।
9 दिसंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिम भाग को छोड़कर शेष हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। इसका असर साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, गोड्डा, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिम सिंहभूम जिलों में देखने को मिलेगा।
अलर्ट : वज्रपात और कोहरे की आशंका
मौसम विभाग ने 8 दिसंबर को राज्य के कुछ इलाकों में गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है। इसके साथ ही पश्चिमी और उत्तरी भागों में घना या मध्यम कोहरा छाने की संभावना है।
इसका प्रभाव पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, कोडरमा, लोहरदगा, हजारीबाग, गुमला और सिमडेगा जिलों में अधिक रहेगा।
9 और 10 दिसंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में घना या मध्यम कोहरा छा सकता है।
सावधानी बरतने की सलाह
घने कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सतर्क रहें।
तेज गति से वाहन न चलाएं।
हमेशा वाहन की लाइट का प्रयोग करें।
सड़क पर अन्य लोगों को भी सतर्क रहने के लिए प्रेरित करें।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और कोहरे के दौरान सतर्कता बरतें और सुरक्षित रहें।