Chaibasa Womens College Event (प्रकाश कुमार गुप्ता): आज मंगलवार को महिला कॉलेज, चाईबासा बी०एड० विभाग द्वारा कॉलेज के बहुउद्देशीय कक्ष में ‘मागे जुमुर’ मिलन समारोह का आयोजन बड़े धूमधाम से किया गया। इस आयोजन में कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रीति बाला सिन्हा और अन्य प्राध्यापकों का बी०एड० की छात्राओं ने पारंपरिक मांदर के साथ स्वागत किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर और सर्वधर्म प्रार्थना द्वारा समारोह की शुरुआत की गई।
समारोह में प्राचार्या डॉ. प्रीति बाला सिन्हा ने छात्राओं को ‘मागे’ पर्व की शुभकामनाएँ दी और कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति से प्रेम करना और उसे संरक्षित करना सिखाता है। वहीं, बी०एड० विभागाध्यक्ष मोबारक एम०के० हाशमी ने अपने संबोधन में कहा कि यह पर्व हमें प्रकृति के साथ समरसता में जीने का संदेश देता है।
इस विशेष अवसर पर बी०एड० छात्राओं ने नृत्य और गीत प्रस्तुत किए, जिनके माध्यम से उन्होंने ‘मागे’ पर्व की महत्ता और इसके आयोजन के महत्व को विस्तार से बताया। इसके साथ ही एक नाटक के द्वारा 8 दिनों तक चलने वाली पूजा और आयोजन को मंचित कर दर्शकों को इस पर्व से संबंधित सभी जानकारी प्रदान की।
इस आयोजन में महिला कॉलेज के जूलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो० सविता सुंडी, हो विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो० चंद्र मोहन हेंब्रम, बी०एड० विभाग की डॉ. पुष्पा कुमारी, डॉ. अर्पित सुमन टोप्पो, प्रो० बबीता कुमारी, प्रो० शीला समद, प्रो० प्रीति देवगम, प्रो० सितेंद्र रंजन सिंह, प्रो० मदन मोहन मिश्रा, प्रो० धनंजय कुमार सहित बी०एड० सेमेस्टर 1 एवं 2 की छात्राएँ उपस्थित थीं।
इस आयोजन ने ‘मागे जुमुर’ पर्व के महत्व को उजागर किया और प्रकृति के प्रति सम्मान और प्रेम का संदेश दिया।