Kurmadih High Voltage Wire : ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के कुरमाडीह टोला कांकीटांड़ में बिजली विभाग की लापरवाही ग्रामीणों के लिए बड़े खतरे का कारण बनती जा रही है। यहां दो खपड़ेल मकान और एक पक्के मकान की छत के ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्ट का हाई वोल्टेज बिजली तार गुजर रहा है, जो मकानों की छत और छप्पर के ऊपर झूलता हुआ किसी भी समय बड़े हादसे को न्योता दे रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार लगभग 20 से 22 वर्ष पूर्व जब राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत गांव में बिजली आपूर्ति के लिए तार खींचे जा रहे थे, उस समय ग्रामीणों ने बिजली आने की खुशी में घरों और छतों के ऊपर से तार खींचने का विरोध नहीं किया था। उस समय लोगों को यह अंदाजा भी नहीं था कि भविष्य में घरों के ऊपर से गुजरने वाला हाई वोल्टेज तार इतना बड़ा खतरा बन सकता है।
समय बीतने के साथ अब स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। कई जगहों पर बिजली का तार नीचे झुक गया है और मकानों की छत तथा छप्पर के बेहद करीब आ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज हवा या आंधी-तूफान के दौरान तार के टूटकर घरों पर गिरने की आशंका बनी रहती है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर करीब पांच महीने पहले बिजली विभाग को लिखित आवेदन देकर 11 हजार वोल्ट के तार को घरों के ऊपर से हटाकर सुरक्षित स्थान पर लगाने की मांग की गई थी। इसके बावजूद अब तक विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस लटकते बिजली तार के कारण वे लगातार डर और दहशत के माहौल में जी रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी लोगों में चिंता बनी हुई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बिजली तार को सुरक्षित स्थान पर नहीं हटाया गया, तो भविष्य में गंभीर दुर्घटना होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
हालांकि ग्रामीणों की शिकायत के बाद चांडिल के सहायक अभियंता (विद्युत) ने मामले को संज्ञान में लिया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर खंभे (पिलर) लगाकर बिजली तार को घरों के ऊपर से हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि किसी संभावित हादसे को समय रहते टाला जा सके और लोगों को राहत मिल सके।



