पुरुलिया के विभीषण महतो की हैदराबाद में मौत, स्थानीय लोगों ने रोजगार के मुद्दे पर सरकार से उठाए सवाल
Purulia Worker Dies in Hyderabad : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेकड़े गांव निवासी 40 वर्षीय विभीषण महतो की हैदराबाद में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिजनों में मातम छा गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों के अनुसार, विभीषण महतो रोजी-रोटी कमाने के लिए हैदराबाद में मजदूरी करते थे। बताया गया कि काम से लौटने के दौरान वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तेलंगाना सरकार के उस्मानिया जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया।
अस्पताल के चिकित्सीय विवरण के अनुसार, दुर्घटना के बाद विभीषण महतो को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। उनके दोनों कानों और नाक से रक्तस्राव हो रहा था तथा पैर में गहरा घाव था। हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने इंट्यूबेशन कर उन्हें जीवनरक्षक उपचार दिया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों का कहना है कि परिवार का सहारा छिन गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने इस घटना को प्रवासी मजदूरों की मजबूरी से जोड़ते हुए कहा कि यदि राज्य में पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध होते, तो बड़ी संख्या में लोगों को रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ता। स्थानीय लोगों ने सरकार से रोजगार सृजन की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से लोगों को नहीं गुजरना पड़े।





