AIRTU AGM Fake News (प्रकाश कुमार गुप्ता) : इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर कुछ असमझदार तत्वों द्वारा ऑल इंडिया रेलवे ट्रैकमेंटेनर यूनियन (AIRTU) को बदनाम करने के उद्देश्य से एक झूठी अफवाह फैलायी जा रही है। इस अफवाह के तहत यह कहा जा रहा है कि AIRTU का राष्ट्रीय अधिवेशन (AGM) अहमदाबाद में आयोजित किया जा रहा है, जो पूरी तरह निराधार और झूठा है।
इस विषय में AIRTU के राष्ट्रीय महामंत्री कांटा राजू ने स्पष्ट किया है कि संगठन के समस्त राष्ट्रीय पदाधिकारी, जोनल अध्यक्ष, जोनल महामंत्री और जोनल कोषाध्यक्ष सभी इस समय एकजुट हैं, और संगठन के किसी भी अहम फैसले पर समन्वय से काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय महामंत्री ने यह भी बताया कि अहमदाबाद में AGM आयोजित करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है और न ही कोई पत्र जारी किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे द्वारा AIRTU को चुनाव से बाहर करने के बाद संगठन का मामला फिलहाल मुंबई हाई कोर्ट में चल रहा है, और संगठन को पूरी उम्मीद है कि जल्द ही इसका निर्णय हमारे पक्ष में आएगा। निर्णय आने के बाद देशभर में एक विशाल अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा।
कांटा राजू ने गुप्त जानकारी का हवाला देते हुए बताया कि यह अफवाह वही लोग फैला रहे हैं जो AIRTU को चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेने से रोकने की कोशिश कर रहे थे। अब जब संगठन कोर्ट में जीत की ओर बढ़ रहा है, तो कुछ असामाजिक तत्व संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
अंत में, उन्होंने देशभर के सभी ट्रैकमेंटेनर साथियों और रेल कर्मचारियों से अपील की कि वे इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और आने वाले चुनावों की तैयारियों में जुट जाएं। कांटा राजू ने यह भी कहा कि कुछ पदाधिकारियों का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है, जो संगठन की बढ़ती लोकप्रियता से घबराए हुए हैं।