Anita Sumbhuri death news (प्रकाश कुमार गुप्ता) : जिले की प्रथम जिला परिषद अध्यक्ष और जनप्रिय नेत्री अनीता सुंभूरुई (60 वर्ष) का बीते सोमवार की रात्रि करीब 12:00 बजे आकस्मिक निधन हो गया। हृदय गति रुकने के कारण उन्होंने अंतिम साँस ली। उनके असामयिक निधन से न केवल राजनीतिक क्षेत्र, बल्कि पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। बताते चले कि वे जिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष पद पर थी।
स्वर्गीय अनीता सुंभूरुई पिछले कई महीनों से बीमार चल रही थीं। उन्हें उच्च रक्तचाप और मधुमेह की समस्या थी, जिसका इलाज नियमित रूप से चल रहा था। सोमवार रात्रि करीब 10:30 बजे भोजन के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें त्वरित रूप से सदर अस्पताल ले गए, जहाँ रात लगभग 11:45 बजे वे पहुंचीं। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. आशीष कुमार झा ने उन्हें जाँच के बाद मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुँचने से पहले ही उनका निधन हो चुका था।
उनके पति शिवकुमार सुंभूरुई ने बताया कि स्वर्गीय अनीता सामाजिक कार्यों में सदैव अग्रणी रहती थीं। सरल, सौम्य और मिलनसार स्वभाव की धनी अनीता सुंभूरुई का जीवन समाजसेवा को समर्पित रहा। वे जिले की पहली महिला जिला परिषद अध्यक्ष थीं और अपने कार्यकाल में उन्होंने पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।
उनके निधन से राजनीतिक गलियारों में भी शोक की गूंज सुनाई दे रही है। कई जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
जिले ने आज एक सच्ची जनसेविका को खो दिया है, जिसकी भरपाई लम्बे समय तक संभव नहीं है।