Asmita Women Volleyball League Jamshedpur : दो दिवसीय अस्मिता महिला वॉलीबॉल लीग का भव्य शुभारंभ रविवार को रामदास भट्ठा कम्युनिटी सेंटर में हुआ। यह लीग Sports Authority of India, Volleyball Federation of India तथा Jharkhand Volleyball Association के आह्वान पर पूरे देश में आयोजित की जा रही है। पूर्वी सिंहभूम वॉलीबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जिले की कई प्रतिभाशाली महिला टीमों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं महिलाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। विशिष्ट अतिथि के रूप में टाटा स्टील फाउंडेशन के एरिया मैनेजर बिरधान मरांडी भी उपस्थित रहे।
पहले दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
मानगो संकोसाई की टीम ने डीबीएमएस डे बोर्डिंग स्कूल को सीधे सेटों में 2-0 से हराया। वहीं केपीएस मानगो की टीम ने भगत सिंह क्लब को कड़े मुकाबले में 2-1 से पराजित किया। एक अन्य मैच में केपीएस गम्हरिया की टीम ने जादूगोड़ा को 2-0 से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

टाटा स्टील ट्रेनिंग सेंटर की टीम ने सोनारी स्पोर्टिंग क्लब को 2-0 से हराया। संकोसाई बी टीम ने भी सोनारी की टीम को 2-0 से मात दी। भगत सिंह क्लब ने डीबीएमएस स्कूल को 2-0 से हराकर वापसी की। वहीं केपीएस मानगो ने डीबीएमएस हाई स्कूल को 2-0 से पराजित किया। दिन के अंतिम मुकाबले में मानगो संकोसाई बी टीम ने टाटा स्टील ट्रेनिंग सेंटर को 2-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का जोश और खेल भावना देखने लायक रही। दर्शकों ने भी तालियों के साथ खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
आयोजन समिति के अनुसार, सोमवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल मैच शाम 6 बजे से शुरू होगा, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस अवसर पर भास्कर राव, सुनील तिवारी, सुनील राय, अरशद अली, अमरीक सिंह, धनरंजन शर्मा, दीपक कुमार और राकेश महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मैच का सफल संचालन हरे राम, तरुण पटनायक, सत्यम बाघ, जे. अरुण मूर्ति और रवि सिंह ने किया।



