Bundu Scorpio Truck Accident : टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर मंगलवार की रात उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने रास्ते में आने वाले कई वाहनों को रौंदते हुए एक बड़ी दुर्घटना को अंजाम दिया। बुंडू टोल प्लाजा के समीप एदलहातू में हुई इस भीषण सड़क दुर्घटना में एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। बेकाबू ट्रक स्कॉर्पियो को टक्कर मारने के बाद कई मीटर तक घसीटते हुए ले गया और आगे खड़े एक दूसरे ट्रक से जा टकराया। इस हादसे में स्कॉर्पियो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जबकि वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

चश्मदीदों से मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान नंबर के इस ट्रक (संख्या: RJ08GA8131) का चालक बेहद लापरवाही से वाहन चला रहा था। बुंडू क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद से ही ट्रक ने सड़क पर कोहराम मचाना शुरू कर दिया था। एदलहातू में स्कॉर्पियो को अपनी चपेट में लेने से पहले इसी बेकाबू ट्रक ने एक मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मारी थी। इसके बाद भी चालक ने गति कम नहीं की और बुंडू सूर्य मंदिर के समीप एक ऑटो को भी रौंदते हुए आगे बढ़ गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि रफ्तार इतनी तेज थी कि आगे चल रही सफेद स्कॉर्पियो (संख्या: JH05CV5511) को संभलने का मौका ही नहीं मिला। ट्रक ने स्कॉर्पियो को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह आगे चल रहे एक अन्य भारी वाहन और इस बेकाबू ट्रक के बीच सैंडविच बन गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला और पिछला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के वक्त गाड़ी में दो लोग सवार थे, जो जमशेदपुर की ओर जा रहे थे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की रेस्क्यू टीम तुरंत हरकत में आई। एनएचएआई की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से स्कॉर्पियो के केबिन में फंसे घायल चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और तुरंत बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं, गाड़ी में मौजूद दूसरे यात्री के हाथ में फ्रैक्चर और चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।
दुर्घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक चालक भीड़ के आक्रोश से बचने के लिए अपने वाहन को सड़क पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गया। घटना की सूचना पाकर स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर किनारे कराया, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


