Chaibasa Legal Awareness Program (प्रकाश कुमार गुप्ता) : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) चाईबासा ने झालसा रांची के निर्देशानुसार पुलिस लाइन सभागार में एक दिवसीय मल्टी स्टेक होल्डर्स कंसल्टेशन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय श्री संतोष आनंद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस कार्यक्रम में बाल संरक्षण प्रणाली, किशोर न्याय अधिनियम 2015, पोक्सो कानून 2012 और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दी जा रही सेवाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। श्री आनंद ने पोक्सो कानून और इसके तहत बालकों से जुड़ी यौन अपराधों की रोकथाम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पुलिस को बच्चों के मामलों में संवेदनशीलता से कार्य करने की सलाह दी।
राजीव कुमार सिंह, सचिव, डीएलएसए ने विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निशुल्क विधिक सेवाएं और लोक अदालतों के कार्यों पर प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने बताया कि प्राधिकरण ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित करता है।

तीसरे सत्र में किशोर न्याय अधिनियम 2015 पर प्रधान दंडाधिकारी सुप्रिया रानी तिग्गा और राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य विकास दोदराजका ने महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला के विभिन्न पुलिस अधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता, और पीएलवी सदस्य भी मौजूद थे।