Jharkhand Weather Update : : Jharkhand में रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के 21 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, कोल्हान प्रमंडल के तीन जिले – पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां – बारिश से अछूते रह सकते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को रांची समेत राज्य के दक्षिणी जिलों में बारिश का असर जारी रहेगा। शनिवार की रात भी रांची और आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई।
तापमान में बदलाव जारी
झारखंड के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। रांची का न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बोकारो का पारा 15.7 डिग्री पर रहा, जो राज्य में सबसे अधिक है। बादल छाए रहने से रांची समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक ऊपर पहुंच गया।
15 जिलों में घने कुहासे का येलो अलर्ट
रविवार और सोमवार को सुबह के समय 15 जिलों में घने कुहासे की चेतावनी जारी की गई है। पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, और संताल क्षेत्र के दुमका, देवघर, गोड़्डा, साहिबगंज, पाकुड़ और जामताड़ा में कुहासे का प्रभाव रहेगा।
ठंड बढ़ने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, बारिश रुकने और बादल छंटने के बाद झारखंड में ठंडी हवाएं चलने लगेंगी, जिससे ठंड बढ़ने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में उत्तरी और पलामू-संताल क्षेत्रों में कुहासे का असर अधिक रहेगा।
रविवार का मौसम पूर्वानुमान:
बारिश की संभावना: रांची समेत 21 जिलों में।
घना कुहासा: पलामू, संताल, और उत्तर के कुछ जिलों में।
तापमान: न्यूनतम 10-15 डिग्री के बीच।