Delhi Weather Update : राजधानी में इस सप्ताह मौसम का मिजाज ठंडा और बारिश भरा रहेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 26, 27 और 28 दिसंबर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन दिनों हल्की से मध्यम बारिश और घने कोहरे की संभावना है। सोमवार को हुई बूंदाबांदी और बादलों के चलते दिनभर धूप नहीं निकली, जिससे राजधानी में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया।
हफ्तेभर बादलों का डेरा, कोहरे का कहर
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को दिल्ली में आंशिक बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय मध्यम से घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। घने कोहरे के दौरान दृश्यता 50 से 200 मीटर तक सीमित हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर, बारिश की संभावना
पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 26 दिसंबर से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखाई देगा। इसके चलते 26 दिसंबर को दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 27 और 28 दिसंबर को हल्के से मध्यम स्तर की बारिश और घने कोहरे की संभावना है।
सोमवार: सीजन का सबसे ठंडा दिन
सोमवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम है। यह सामान्य से 2 डिग्री कम है। रविवार को जहां तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस था, वहीं सोमवार को यह 5.7 डिग्री नीचे आ गया। न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिल्ली में विभिन्न इलाकों का तापमान
दिल्ली के कई मौसम निगरानी केंद्रों पर सोमवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान में काफी अंतर देखने को मिला।
नरेला: अधिकतम तापमान 17.2°C
आया नगर: अधिकतम तापमान 17.4°C
नजफगढ़: अधिकतम तापमान 17.5°C, न्यूनतम 12.3°C
पीतमपुरा: अधिकतम तापमान 19.3°C, न्यूनतम 12.7°C
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कम अंतर के कारण इन इलाकों में ठंड अधिक महसूस की गई।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। कोहरे के चलते दृश्यता में कमी आने से यातायात बाधित हो सकता है। साथ ही हल्की बारिश से ठंड में इजाफा होने की संभावना है।
नोट: अगले तीन दिनों के दौरान बारिश और कोहरे के मद्देनजर नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की गई है।