Chakulia Police Raid : जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र के चाकुलिया थाना अंतर्गत पूर्णापानी गांव में पुलिस ने बीती रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध जुआ अड्डे का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक घर में छापेमारी की, जहां जुआ खेला जा रहा था। इस कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से नकदी सहित कई सामान जब्त किए गए हैं।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पूर्णापानी गांव निवासी मलय रूही दास के घर और उसके आसपास छापेमारी की गई। इस दौरान कुल 13,300 रुपये नगद, 8 पुड़िया पान मसाला, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए। मौके से गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मलय रहीदास (35 वर्ष), भयंकर बेरा (33 वर्ष), गोपी द्वाडिया (26 वर्ष) और सुजीत सरदार (26 वर्ष) शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में चाकुलिया थाना कांड संख्या 19/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2)/318(4) तथा बंगाल पब्लिक गैंबलिंग एक्ट 1867 की धारा 3/4/11 के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पूछताछ में खुलासा, शराब का भी मामला सामने आया
गिरफ्तार आरोपी भयंकर बेरा से पूछताछ के दौरान एक और बड़ा खुलासा हुआ। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मलय रविदास के एक अन्य घर में छापेमारी की, जहां से विदेशी शराब की खाली बोतलों से भरे कार्टून के दो बोरे बरामद किए गए। इससे अवैध शराब कारोबार की आशंका और गहरा गई है।
इस संबंध में चाकुलिया थाना में एक और मामला (कांड संख्या 20/2026) दर्ज किया गया है, जिसमें BNS की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ एक्साइज एक्ट की धारा 47(a), 47(b) और 47(d) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस का सख्त संदेश
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और अवैध गतिविधियों में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध जुआ और शराब कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि पुलिस प्रशासन लगातार ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ अभियान चलाएगा, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रहे और समाज में गलत गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
क्षेत्र में बढ़ी चौकसी
इस कार्रवाई के बाद चाकुलिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगेगी।



