Jamshedpur Chopper Attack : टेल्को थाना क्षेत्र स्थित थीम पार्क के पास युवक पर चापड़ से जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शनिवार को पुलिस ने टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में इलाजरत घायल युवक आदर्श सिंह का बयान दर्ज किया, जिसके आधार पर उसकी पूर्व गर्लफ्रेंड को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पहले ही इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी अयान अब भी फरार है।
कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए बुलाया गया था युवक
पुलिस को दिए बयान में आदर्श सिंह ने बताया कि घटना वाले दिन अयान और उसकी महिला मित्र ने उसे कॉन्फ्रेंस कॉल कर टेल्को थीम पार्क के पास मिलने के लिए बुलाया था। दोनों ने आपसी विवाद को बातचीत से सुलझाने का भरोसा दिलाया था। भरोसा कर आदर्श अपने दो दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा।
पहले से मौजूद थे कई युवक, लगा शक
आदर्श ने बताया कि मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति संदिग्ध लगी। वहां अयान और युवती के साथ कई अन्य युवक पहले से मौजूद थे। खतरे को भांपते हुए आदर्श कुछ दूरी बनाकर खड़ा हो गया। थोड़ी देर बाद सभी लोग वहां से हट गए, जिससे उसे लगा कि मामला शांत हो गया है।
पीछे से किया गया जानलेवा हमला
लेकिन कुछ ही देर बाद अयान अपने एक साथी के साथ वापस लौटा और बिना किसी बातचीत के पीछे से चापड़ से उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले में आदर्श गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रेम संबंध बना विवाद की जड़
घायल युवक ने पुलिस को बताया कि हिरासत में ली गई युवती पहले उसकी करीबी मित्र थी, लेकिन हाल के दिनों में वह अयान के संपर्क में आ गई थी। आदर्श ने युवती के पिता को इस संबंध की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसे लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश जारी
टेल्को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी अयान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला आपसी विवाद और व्यक्तिगत संबंधों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।



