Kukru News (ईचागढ़) – सरायकेला-खरसावां जिले के सुदूरवर्ती कुकड़ू प्रखंड में बुनियादी सुविधाओं की कमी और विभिन्न सरकारी विभागों में पदाधिकारियों के रिक्त पदों को लेकर झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा ने आंदोलन तेज कर दिया है। मंगलवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया । साथ ही मांगें पूरी नहीं होने पर बुधवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी।

मोर्चा के अनुसार, वर्ष 2009 में नीमडीह की चार और ईचागढ़ की पांच पंचायतों को मिलाकर कुकड़ू प्रखंड बने 16 वर्ष बीत जाने के बावजूद क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, कृषि और प्रशासनिक सुविधाओं का अपेक्षित विकास नहीं हो सका है। आंदोलनकारियों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से लगातार आवेदन देने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।

मोर्चा की प्रमुख मांगों में स्थायी प्रखंड कार्यालय भवन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उपस्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों में स्थायी पदाधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति शामिल है। इसके अलावा तिरुलडीह थाना को प्रखंड मुख्यालय में स्थानांतरित करने, विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति, आवासीय बालिका विद्यालय में महिला सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था, किसानों के लिए कोल्ड स्टोरेज, विद्युत सब स्टेशन और पेंशन, छात्रवृत्ति एवं मंईयां सम्मान योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की मांग की गई।
मोर्चा ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांगों पर शीघ्र ठोस पहल करने की अपील की। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।




