Raghubar Das on Tribal Rights (प्रकाश कुमार गुप्ता) : भारतीय जनता पार्टी के झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज पश्चिमी सिंहभूम के जिला कार्यालय में आयोजित संविधान गौरव अभियान कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम में रघुवर दास का भव्य स्वागत भाजपा के जिला अध्यक्ष संजय पांडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में रघुवर दास और उनके साथियों ने चाईबासा बस स्टैंड के पास स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे और उन्होंने संविधान की रक्षा और आदिवासी समाज के अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
रघुवर दास ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान की रक्षा के प्रति कृत संकल्पित हैं। उन्होंने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य वंचित वर्गों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। विशेष रूप से, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में इन वर्गों की भागीदारी बढ़ाने के लिए मोदी सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाए हैं, जो समाज के प्रत्येक हिस्से को समान अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम में रघुवर दास ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संविधान के साथ बार-बार छेड़छाड़ की है और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया है। उन्होंने शाहबानो मामले और आपातकाल के दौरान संविधान की मूल भावना का उल्लंघन करने की बात की और यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कई बार जनता द्वारा चुनी गई राज्य सरकारों को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू किया, जिससे सत्ता का दुरुपयोग हुआ।
इस कार्यक्रम के दौरान एक विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें रघुवर दास ने संविधान और देश के विकास के बीच गहरे संबंधों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान सामाजिक न्याय, समानता और नागरिक अधिकारों की रक्षा करने का मुख्य आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत संविधान की मूल भावना के अनुरूप निरंतर विकास की दिशा में बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के अंतर्गत भाजपा युवा मोर्चा द्वारा भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों और युवाओं ने भाग लिया। भाषण प्रतियोगिता में आयुष अभिनश शांडिल, पूर्णिमा कुमारी, किशोरी कुमारी, वनमाली सिंह ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि विकास गोप, कपिलेश हेम्ब्रोम, रिमझिम पसारी, जय लोहार को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद और प्रदेश प्रवक्ता गीता कोड़ा, प्रदेश उपाध्यक्ष बडकुंवर गागराई, प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, जिलाध्यक्ष संजय पांडे, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दुर्गावती बोयपाई, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष चंद्रमोहन तियू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम के समापन में सभी ने संविधान की रक्षा और इसके प्रति जागरूकता फैलाने के संकल्प के साथ अपना योगदान देने का संकल्प लिया।