Shrimad Bhagwat Katha Week : पोटका प्रखंड के शंकरदा-काशीडीह दुर्गा मंदिर प्रांगण में आगामी कल 24 दिसंबर 2024 को श्रीमद् भागवत सप्ताह कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह पावन अनुष्ठान प्रात: 9 बजे 108 कन्याओं द्वारा मंगल कलश स्थापन के माध्यम से शुरू होगा। आयोजन का उद्देश्य विश्व शांति, सृष्टि सुरक्षा, क्लेश मुक्ति, अमृत जीवन और सनातन समृद्धि है।
उक्त महायज्ञ का आयोजन शंकरदा और काशीडीह गांव के सहृदय भक्तों द्वारा किया जा रहा है। कल सुबह नौ बजे शुभ कलश यात्रा के साथ इस आयोजन की शुरुआत होगी, जो 30 दिसंबर 2024 तक चलेगी। यह पुनीत अनुष्ठान प्रति दिन अपराह्न 2 बजे से प्रारंभ होगा।
कार्यक्रम के कथा वाचक के रूप में प्रसिद्ध पंडित श्री दीपक शास्त्री जी (अयोध्या) अमृत प्रवचन प्रस्तुत करेंगे। आयोजन मंडली के मुख्य संयोजक अनिल कांत भकत और पूर्व जिला पार्षद करुणा मय मंडल ने सभी भक्तों से उपस्थित होकर इस अनुष्ठान को सफल बनाने हेतु तन-मन-धन से सहयोग की अपील की है।
कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने के लिए मुख्य संयोजक अनिल कांत भकत के साथ शंकरदा के ग्राम प्रधान विनय कृष्ण दास, रवींद्रनाथ भकत और कुमुद रंजन भकत उपस्थित थे, जिन्होंने भव्य पंडाल की व्यवस्था का निरीक्षण किया।