पश्चिम सिंहभूम जिले के टेबो थाना क्षेत्र में साईकटा जाने वाली मुख्य सड़क पर खड़ी एक जेसीबी मशीन में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। Tebo JCB Arson की यह घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। आगजनी के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल, आग लगाने वालों की पहचान नहीं हो सकी है।
एक महीने से बंद था सड़क निर्माण कार्य
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार खूंटी साहू गुरुवार को जेसीबी मशीन लेकर वहां पहुंचे थे। पिछले करीब एक महीने से सड़क निर्माण का काम बंद था। ऐसे में मशीन को सुनसान जगह पर खड़ा कर दिया गया था। शनिवार रात करीब 10 बजे ग्रामीणों ने जेसीबी से आग की लपटें उठती देखीं। घटना को देखकर ग्रामीण सहम गये और डर के कारण अपने-अपने घरों में चले गये।
थाना से महज एक किलोमीटर दूर हुई घटना
टेबो से हलमद तक करीब 15 से 20 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिस जगह जेसीबी मशीन में आग लगायी गयी, वहां से टेबो थाना महज एक किलोमीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद अज्ञात लोगों ने घटना को अंजाम दिया। आगजनी के पीछे किसका हाथ है, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद टेबो थाना में तैनात प्रशिक्षु बिरजू कुमार मेहता घटनास्थल पर पहुंचे और मामले का निरीक्षण किया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। जेसीबी में आग लगाने के कारणों और इसमें शामिल लोगों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।





