Vijay Singh Soy Shaheed Diwas (प्रकाश कुमार गुप्ता) : सिंहभूम के लोकप्रिय पूर्व सांसद स्वर्गीय विजय सिंह सोय की 25वीं शहादत दिवस पर गुरुवार को चक्रधरपुर में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। इतवारी बाजार स्थित उनके अस्थि समाधि स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर राजनीतिक, सामाजिक और आम जनता की भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि स्व. सोय न केवल एक जनप्रतिनिधि थे, बल्कि जनमानस के दिलों में आज भी जीवित हैं।
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से सिंहभूम की वर्तमान सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ने भाग लिया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने स्व. विजय सिंह सोय की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके जीवन व कार्यों को याद करते हुए भावुक हो उठे।
सांसद जोबा माझी ने कहा, “विजय सिंह सोय न केवल एक कद्दावर नेता थे, बल्कि वे समाजसेवा में भी अग्रणी भूमिका निभाते थे। क्षेत्र के विकास के लिए उन्होंने जो कार्य किए, वह आज भी मिसाल हैं। उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।”
वहीं विधायक जगत माझी ने कहा, “स्व. सोय ने एक जनप्रतिनिधि के रूप में अपने कार्यकाल में जो छवि बनाई, वह आज भी लोगों के दिलों में है। कोल्हान ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की जनता उन्हें आज भी याद करती है।”
इस अवसर पर स्व. विजय सिंह सोय की पत्नी कुंती सोय, पुत्रियाँ प्रियंका सिंकू और अनुप्रिया सोय, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अम्बर राय चौधरी, दीनबंधु घोष, उदय प्रसाद सिंह, गोविंद प्रधान, लड्डू खान, राखी सलूजा, मुन्ना तांती, पोंडेराम सामड सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समाधि स्थल पर भजन-कीर्तन और पुष्पांजलि के साथ यह दिन एक श्रद्धांजलि सभा से अधिक, एक प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया गया, जहां लोगों ने न केवल स्व. सोय को याद किया, बल्कि उनके दिखाए मार्ग पर चलने की प्रतिज्ञा भी ली।