Taekwondo Summer Camp Chaibasa (प्रकाश कुमार गुप्ता) : बिरसा मुंडा ताइक्वांडो एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित समर कैंप का समापन समारोह उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पश्चिमी सिंहभूम की जिला खेल पदाधिकारी रुपा रानी तिर्की ने कहा कि किसी भी खेल में सफलता का रास्ता मेहनत से होकर जाता है। उन्होंने ताइक्वांडो को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उभरता हुआ खेल बताते हुए खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने की बात कही।
राज्य योग एसोसिएशन के सचिव कन्हैया अग्रवाल ने ताइक्वांडो को आत्मरक्षा का अहम माध्यम बताया और कहा कि एकाग्रता बढ़ाने हेतु योग का अभ्यास भी जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों को योग के लिए हरसंभव समर्थन देने की बात कही।
समर कैंप के प्रायोजक लायंस क्लब के अध्यक्ष साकेत चौबे ने कहा कि ताइक्वांडो प्रशिक्षित युवा भविष्य में देश की रक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। शिक्षक कृष्णा देवगम ने खेल को बौद्धिक और शारीरिक विकास का साधन बताते हुए इसे जीवन का जरूरी हिस्सा बताया।
समर कैंप में प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने पंच मारना और टाइल तोड़ने की तकनीक का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भूमिका खलखो, लक्ष्मी देवगम और विक्की पुरती को सम्मानित किया गया। वहीं कोच विवेकानंद प्रमाणिक, मनीष वर्मा, चेतन बेहरा, विवेक एवं राजेश बारी को भी विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में रंग-बिरंगे गुब्बारों के माध्यम से “खेलें और स्वस्थ रहें” का संदेश दिया गया। धन्यवाद ज्ञापन एकेडमी की संरक्षक एवं नगर परिषद की पूर्व अध्यक्षा गीता बलमुचु ने किया। इस अवसर पर विजय प्रताप, नीतिश विश्वकर्मा, इरशाद अली, अनिता विश्वकर्मा, हेमंती विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।